सोलन।विद्युत बोर्ड सोलन ने जनवरी माह का बिजली बिल जमा न करने वाले 1130 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की तैयारी शुरू कर दी है। इसमें घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता शामिल हैं। इनसे बोर्ड ने कुल 20 लाख 72 हजार 263 रुपये की बकाया राशि वसूल करनी है। उपभोक्ताओं ने जनवरी से विद्युत बोर्ड के बिजली बिलों को जमा नहीं करवाया है। अब ऐसे उपभोक्ताओं के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए बोर्ड ने इनके बिजली कनेक्शन काटने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बोर्ड ने ऐसे उपभोक्ताओं को 26 फरवरी तक बिज जमा करवाने की अपील की है। इसके बाद यदि फिर भी बिल जमा नहीं करवाए जाते तो बोर्ड द्वारा कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। जानकारी के अनुसार विद्युत बोर्ड के 761 घरेलू उपभोक्ताओं से 10 लाख 65 हजार 257 रुपये, 350 व्यावसायिक उपभोक्ता से 9 लाख 23 हजार 886 रुपये और अन्य 19 उपभोक्ताओं से 83 हजार 120 रुपये वसूल करने हैं। लेकिन समय पर यह बिल जमा न होने के कारण बोर्ड को आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है।
अब इस राशि को वसूल करने के लिए बोर्ड ने बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि बोर्ड ने उपभोक्ताओं को 26 फरवरी तक बिल जमा करवाने की राहत भी प्रदान की है। यदि इसके बाद भी बिल जमा नहीं करवाया तो उनके बिजली के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। विद्युत उपमंडल सोलन नंबर एक के सहायक अभियंता विपुल कश्यप ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने जनवरी के बिल जमा नहीं करवाए हैं उनके कनेक्शन काटने की तैयारी शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं को 26 फरवरी तक बिल जमा करवाने की हिदायत दी है।