निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान संपन्न करवाने के दिए टिप्स
उपायुक्त कार्यालय में हुआ माइक्रो ऑब्जर्वर का दूसरा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। लोकसभा चुनाव को लेकर नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक जंग बहादुर यादव की अध्यक्षता में बुधवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में माइक्रो ऑब्जर्वर के लिए दूसरा प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सामान्य पर्यवेक्षक ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया संपन्न करने में माइक्रो ऑब्जर्वर की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहे, यह लोकतंत्र में बड़ी जिम्मेवारी है और इसे बेहतर ढंग से निभाने में सभी को अपने-अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। सभी माइक्रो ऑब्जर्वर सामान्य पर्यवेक्षक के प्रति उत्तरदायी होते हैं और उन्हीं के निर्देशन में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी माइक्रो ऑब्जर्वर अपनी भूमिका को लेकर सजग रहें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें। माइक्रो ऑब्जर्वर मतदान दिवस पर मॉक पोल से लेकर मतदान के उपरांत ईवीएम की सीलिंग तक पूरी प्रक्रिया का गहनता से पर्यवेक्षण करें। मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के उपरांत निर्धारित प्रपत्र पर सभी बिंदुओं के अनुरूप अपनी रिपोर्ट भेजें।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि जिले में मतदान प्रक्रिया सुचारू ढंग से संपन्न करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं। जिले की सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में 592 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं जिनमें से 314 मतदान केंद्रों को वेब काॅस्टिंग के लिए चयनित किया गया है। जिले में 42 क्रिटिकल मतदान केंद्र और 06 वल्नरेबल मतदान केंद्र हैं। जिले में 61 मतदान केंद्रों पर 56 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। इनमें से कुछेक मतदान केंद्र एक ही परिसर में स्थित हैं। नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान सिंह ठाकुर ने माइक्रो ऑब्जर्वर को प्रशिक्षण से संबंधित एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।