बीएल स्कूल कुनिहार में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर के समापन अवसर पर मौजूद स्वयंसेवक व अन्य।
बीएल स्कूल कुनिहार में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। बीएल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन हुआ। समारोह में सेवानिवृत्त एवं राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। स्वयंसेवकों ने स्वागत गीत, एनएसएस गान और परेड के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा और पुरुषोत्तम लाल ने बताया कि शिविर में 58 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
स्वयंसेवकों ने हाटकोट, कुनिहार, मंगला माता परिसर, शिव गुफा और विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैलियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
मुख्यातिथि ने कहा कि एनएसएस शिविर विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समापन अवसर पर सभी स्वयंसेवकों को मेडल और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा, पुरुषोत्तम लाल और मोनिका कुमारी को भी स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
समारोह के अंत में स्वयंसेवकों ने भावपूर्ण विदाई गीत प्रस्तुत किया।