भविष्य ज्योति सम्मान समारोह
नालागढ़ में अमर उजाला की ओर से हुआ सम्मान समारोह
30 निजी और सरकारी स्कूलों के मेधावियों को किया सम्मानित
मुख्य अतिथियों ने किया जागरूक, कहा- मेहनत का कोई विकल्प नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। पीजी काॅलेज नालागढ़ स्थित ऑडिटोरियम में अमर उजाला की ओर से भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बीबीएन के 30 निजी और राजकीय स्कूलों के 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के 557 मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्यातिथि बीडीओ अरविंद कुमार और विशिष्ट अतिथि नालागढ़ काॅलेज के प्राचार्य डॉ. ललित गुलेरिया व पीएनबी के मुख्य प्रबंधक सौरभ माकटा ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया।
अतिथियों से सम्मान पाकर मेधावियों के चेहरे खिल उठे और पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह में न सिर्फ मेधावियों के सपनों को नई उड़ान मिली, बल्कि अधिकारियों और शिक्षाविदों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और कॅरिअर से जुड़े अहम टिप्स भी साझा किए। इस अवसर पर मुख्यातिथि विकास खंड अधिकारी अरविंद कुमार ने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। यदि जीवन में कोई उल्लेखनीय मुकाम हासिल करना है, तो लगातार मेहनत करनी होगी। उन्होंने युवाओं से नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर देश व समाज के नवनिर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। जीवन में हमेशा नई चीजें सीखने की ललक होनी चाहिए और असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक सौरभ माकटा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि किसी भी विषय को रटने के बजाय उसे समझकर और परखकर पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता और शिक्षकों का कड़ा परिश्रम और त्याग छिपा होता है। इसलिए हमेशा अपने अभिभावकों और गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि उनके आशीर्वाद के बिना जीवन में सच्ची सफलता अधूरी है।
इनसेट
नंबरों के पीछे न भागें, अपनी क्षमता पहचानें
रेंडेज़वस इंस्टीट्यूट ऑफ कोचिंग नालागढ़ (आरआईसी) के निदेशक भृगु नड्डा ने कहा कि कई बार कड़ी मेहनत के बाद भी मनमुताबिक परिणाम नहीं मिलता, लेकिन जीवन में कभी भी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। यदि आपके भीतर सीखने का जज्बा है, तो आप हर चुनौती को पार कर सकते हैं। वहीं, नालागढ़ कॉलेज के प्रो. डॉ. हरविंद्र सैणी ने कहा कि बच्चे सिर्फ नंबरों की दौड़ में न भागें। कई बार स्कूल-कॉलेज में कम अंक लाने वाले छात्र भी आगे चलकर अपनी व्यावहारिक समझ और मेहनत के बल पर बड़ा मुकाम हासिल करते हैं। जीवन में हमेशा सकारात्मक सोच रखें।इस मौके पर नालागढ़ साहित्य कला मंच के संरक्षक यादव किशोर गौतम, अदित कंसल, प्रमोद कुमार, चेंबर आफ कामर्स पांवटा साहिब के कानूनी सलाहकार देवव्रत यादव, समाज सेवक कृष्ण कुमार कौशल आदि उपस्थित रहे।
इनसेट
इनका भी रहा सहयोग
कार्यक्रम में मुख्य सहयोगी रेंडेज़वस इंस्टीट्यूट ऑफ कोचिंग नालागढ़ (आरआईसी) आईआईटी एंड मेडिकल फाउंडेशन से एमडी भृगु नड्डा, डायरेक्टर सरोज शर्मा और सह-सहयोगी संस्थान में राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ से प्रिंसिपल डॉ ललित गुलेरिया, आईसी यूनिवर्सिटी बद्दी से पूजा यादव व शालिनी, महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी बद्दी के सुरेश गुप्ता, नोबेल सोलर के एमडी चेतन ठाकुर ओर गगन हॉस्पिटल बद्दी का सहयोग रहा।
इनसेट
छात्रों का कहना
मार्डन पब्लिक स्कूल स्वारघाट की मुदिता शर्मा ने कहा कि अमर उजाला भविष्य ज्योति कार्यक्रम के तहत सम्मानित होकर बेहद गर्व महसूस हो रहा है। इस तरह के आयोजनों से हम जैसे छात्र-छात्राओं का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ता है।
इनसेट
न्यू धाम स्कूल नालागढ़ के छात्र सुधांशु झा ने कहा कि मंच पर इस तरह सम्मानित होना हमारे लिए एक बेहतरीन अनुभव था। अब आगे बढ़कर देश के लिए कुछ करने का जज्बा और मजबूत हुआ है। यह बहुत अच्छी पहल है।
इनसेट
अल्पाइन स्कूल नालागढ़ की छात्रा विशाखा ने कहा कि अमर उजाला की ओर से आयोजित इस सम्मान समारोह ने हम सभी स्टूडेंट्स को बेहद खुशी दी है। इससे हमारा कॉन्फिडेंस लेवल बहुत बढ़ गया है।
इनसेट
बाहा स्कूल की छात्रा सोनाली ने कहा कि कार्यक्रम में सम्मान पाने के साथ-साथ खंड विकास अधिकारी और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों का मार्गदर्शन मिलना हमारे लिए सबसे बड़ी बात थी। उनकी बातों से बहुत कुछ सीखने को मिला।
नालागढ़ में भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में पुरस्कार के साथ 30 स्कूलों के विद्यार्थी- संवाद।
नालागढ़ में भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में पुरस्कार के साथ 30 स्कूलों के विद्यार्थी- संवाद।
नालागढ़ में भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में पुरस्कार के साथ 30 स्कूलों के विद्यार्थी- संवाद।
नालागढ़ में भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में पुरस्कार के साथ 30 स्कूलों के विद्यार्थी- संवाद।
नालागढ़ में भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में पुरस्कार के साथ 30 स्कूलों के विद्यार्थी- संवाद।