निजी कंपनी से मिली 12 हजार खाली डिब्बियां
मामले में शामिल लोगों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। रूचि मसाले कंपनी के लोगो का इस्तेमाल कर रही कंपनी में पुलिस ने निरीक्षण किया। पुलिस ने कंपनी से रूचि कंपनी के नाम के मसाले के 540 पैकेट बरामद किए। वहीं 12 हजार खाली डिब्बियां भी बरामद की। इन डिब्बियों में मसाले भर कर पैक होने थे। पुलिस मामले में शामिल चार लोगों से पूछताछ कर रही है।
झाड़माजरी स्थित त्रिदेव स्पाइस कंपनी के निदेशक ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी वर्ष 1992 से रूचि मसाले तैयार करती है और उनके मसालों की बाजार में काफी मांग है। लेकिन बद्दी में एक एमएमडी ग्लोबल फंड कंपनी ने उनकी कंपनी के नाम पर अपने प्रोडक्ट तैयार किए। प्रोडक्ट बाजार में भी बेचने शुरू कर दिए। पिछले दो माह से उन्हें शिकायत मिल रही थी कि उनके मसाले ठीक नहीं है। जिस पर उन्होंने इसकी जांच की। जांच में पाया गया कि यह माल उनका नहीं है। उन्होंने पता किया कि चंडीगढ़ में इसके डुप्लीकेट मसाले की खाली डिब्बियां तैयार होती हैं। कंपनी के संचालक वरूण, चिंतन व अनिल इन खाली डिब्बियों में मसाले भर कर रुचि के नाम से बेच रहे थे।
डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि इस मामले में कंपनी के संचालकों व मसाले की खाली डिब्बी तैयार करने वाले के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है।