बद्दी (सोलन)। नगर निकाय में मनोनीत किए गए पार्षदों का अब शपथ ग्रहण समारोह होगा। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के तहत दो नगर परिषदें आती हैं, इनमें नालागढ़ और बद्दी शामिल हैं। नालागढ़ नगर परिषद के मनोनीत पार्षदों का शपथ समारोह सोमवार सुबह 11:30 बजे होगा। जबकि नगर परिषद बद्दी के मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह दोपहर बाद 2:30 बजे होगा।
दोनों ही नगर परिषदों के मनोनीत पार्षदों को एसडीएम नालागढ़ एवं कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद प्रशांत देष्टा पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। नगर परिषद नालागढ़ में प्रदेश सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक वार्ड-4 निवासी केके भारद्वाज, वार्ड-6 निवासी अमृत लाल जैन, वार्ड-7 निवासी यशपाल शर्मा व वार्ड-8 निवासी जगननाथ बस्सी को मनोनीत पार्षद बनाया गया है। इन मनोनीत पार्षदों में से एक नप नालागढ़ के पूर्व अध्यक्ष व एक पूर्व पार्षद रह चुके हैं। जबकि एक व्यापार मंडल नालागढ़ के अध्यक्ष व एक व्यवसायी हैं। इन्हें नगर परिषद नालागढ़ में मनोनीत पार्षद बनाया गया है।
उधर, बद्दी में शहरी भाजपा अध्यक्ष तरसेम चौधरी, निवेश प्रकोष्ठ के संयोजक लोकेश दत्ता, भाजपा नेता महेंद्र सिंह व हरनेक सिंह ठाकुर को मनोनीत पार्षद बनाया गया है। एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने कहा कि सोमवार को नालागढ़ व बद्दी परिषदों के मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।