44 lakh rupees to be spent on infrastructural development in excellent schools of Solan
सोलन। वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों का स्तर और सुविधाएं बढ़ाने के मकसद से शुरू स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट विद्यालय योजना के लिए जिले के पांच स्कूलों का चयन किया गया है। योजना में स्कूलों के विकास के लिए 44-44 लाख की राशि प्रदेश सरकार दे रही है। इससे स्कूल में ढांचागत व अन्य विकास कार्य किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार स्थानीय विधायकों की संस्तुति के बाद चयन प्रक्रिया पूरी कर उपनिदेशक उच्च शिक्षा ने स्कूलों की सूची निदेशालय को भेजी गई थी। स्कूलों का चयन विभाग ने तय छात्रों की संख्या, स्कूल की लोकेशन सहित तय मानकों को ध्यान में रखकर किया जाता है।
इस बार जिले के विधानसभा क्षेत्र अर्की क्षेत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मांगल, सोलन से रावामापा स्कूल कंडाघाट, कसौली से परवाणू स्कूल, नालागढ़ से दभोटा और दून विधानसभा मानपुरा स्कूलों को शामिल किया है।
उपनिदेशक उच्च शिक्षा जिला सोलन डॉ. जगदीश नेगी ने बताया कि आठ स्कूलों को उत्कृष्ट विद्यालय में शामिल किया है। सरकार से मिलने वाली राशि को स्कूल के ढांचागत विकास पर खर्च किया जाता है। इसमें स्कूल भवन निर्माण, शौचालय निर्माण, लैब, खेल सुविधा, लाइब्रेरी, आईटी लैब और स्मार्ट क्लास रूम बनाए जाते हैं।