अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। लोकसभा चुनावों के तहत सोलन जिले के 2924 सर्विस वोटरों के मत पत्रों को सोलन निर्वाचन विभाग ने उनके गंतव्य स्थानों के लिए भेज दिया है। सेना और अर्द्धसैनिक बलों में कार्यरत जिला के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं तक पोस्टल बैलेट पेपर पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने बताया कि 391 रिकॉर्ड कार्यालयों से ये पोस्टल बैलेट पेपर संबंधित कमांडिंग अधिकारियों को वापसी लिफाफे के साथ भेज दिए हैं। सर्विस वोटर इन खाली लिफाफों में अपना डिजिटल मत पत्र भरकर रिटर्निंग अधिकारी को वापस भेजेंगे और मतगणना के दिन इनकी भी गिनती की जाएगी। रिकॉर्ड ऑफिस में ये लिफाफे मिलने के बाद इन्हें सर्विस वोटर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित कमान अधिकारी की होगी।
नालागढ़ में सबसे अधिक सर्विस वोटर
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 955 सर्विस वोटर हैं जबकि दून विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 380 सर्विस वोटर हैं। लोकसभा चुनाव के लिए 22 से 29 अप्रैल से नामांकन भरे जाएंगे। नामांकन पत्रों की छंटनी 30 अप्रैल को की जाएगी। उन्होंने बताया कि 19 मई को स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव करवाने के दृष्टिगत सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए है। पोलिंग पार्टियो को 16 तथा 17 मई को प्रस्थान करेंगी। निर्वाचन से संबंधित किसी भी प्रकार की पूछताछ के लिए उपायुक्त कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
टोल फ्री नंबर से भी ले सकते हैं जानकारी
मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर भी मतदाता संबंधित जानकारी ले सकते हैं। सोलन जिला से बाहर के मतदाता 01792-1950 डायल निर्वाचन से संबंधित पूछताछ कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को मतदान वाले दिन दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं को सभी प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर के अधिकारी संबंधित मतदान केंद्रों में 12 मई तक वोटर स्लिप सौंपना करेंगे। बूथ स्तर के अधिकारी पोलिंग पार्टियों के पहुंचने के बारे में तुरंत सूचित करेंगे। बीएलओ पोलिंग पार्टियों के ठहराव संबंधी प्रबंध भी सुनिश्चित करेंगे।