सोलन बाईपास पर दरकी पहाड़ी, बड़ा हादसा टला
स्कूली बच्चों के लिए खतरा, भारी बारिश से कच्ची पड़ने लगीं पहाड़ियां
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। बाईपास सोलन पर गुरुकुल स्कूल के समीप अचानक एक पहाड़ी बारिश के कारण दरक गई। हालांकि इससे कोई जानी या अन्य नुकसान नहीं हुआ है। एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बचा है। आलम यह है कि जिस स्थान पर यह पहाड़ी दरकी है, उक्त स्थान के समीप दो निजी स्कूल है। यहां से रोजाना स्थानीय लोगों सहित सैकड़ों स्कूली बच्चों की आवाजाही होती है। गनीमत रही कि जिस समय पहाड़ी दरकी, उस समय उसके समीप कोई भी स्कूली बच्चा या अन्य राहगीर मौजूद नहीं था। बारिश के चलते फोरलेन निर्माण के लिए खोदी पहाड़ियां कच्ची पड़ने लग गई हैं। इसके चलते थोड़ी सी बारिश या फिर सूखे के मौसम में पहाड़ियों से मलबे के साथ पत्थर गिर रहे हैं। इससे वाहन चालकों और राहगीरों का इसकी चपेट में आने का खतरा बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह तड़के ही बाईपास मार्ग पर गुरुकुल स्कूल के समीप एक पहाड़ी दरक गई थी। इसके बाद उक्त पहाड़ी से दोपहर तक पत्थर और मलबा गिरता रहा। इसे हटाने के लिए मौके पर किसी भी कर्मचारी या कंपनी के कर्मी की तैनाती नहीं की गई थी।