नालागढ़ (सोलन)। फार्मा हब बीबीएन में डेंगू ने पूरी तरह से अपने पैर पसार दिए हैं। अब डेंगू के रोगियों का आंकड़ा 100 पार कर गया है। विभाग के प्रयासों के बावजूद डेंगू के डंक पर लगाम नहीं लग सकी है। बीबीएन के दो उद्योगों को नोटिस थमाए जा चुके हैं, वहीं 8 टीमों के 40 सदस्यीय टॉस्क फोर्स क्षेत्र में जागरूकता ला रहे हैं, लेकिन डेंगू थमने के बजाय फैलता ही जा रहा है। नालागढ़ व बद्दी अस्पतालों में एलीजा विधि से हो रहे टेस्टों में प्रतिदिन डेंगू के कई मामले सामने आ रहे हैं। बद्दी में एलीजा विधि से हुए 43 टेस्टों में 15, जबकि नालागढ़ में 28 टेस्टों से 3 नए मरीज डेंगू पॉजीटिव डिटेक्ट हुए हैं। बीबीएन के तहत बद्दी में 80 और नालागढ़ में 22 मामले डेंगू पॉजीटिव आ चुके हैं और कुल 102 मामले डेंगू के डिटेक्ट हुए हैं। बीबीएन में डेंगू का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। जिला प्रोग्राम आफिसर डॉ. कविराज ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए विभाग पूरी तरह से प्रयासरत है और जागरूकता अभियान जोरों से चलाया हुआ है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह पानी को एक जगह पर खड़ा न होने दें और कूलर आदि में रखा पानी साफ करना चाहिए।