कुनिहार (सोलन)। पंचायत समिति कुनिहार की बैठक में शुक्रवार को खूब हंगामा हुआ। भराड़ीघाट से पंचायत समिति सदस्य दीपचंद ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज तक पंचायत समिति की बैठक में सदस्यों के वार्ड संबंधी कोई भी विकास कार्य नहीं हो पाए हैं।
समिति की बैठक में पारित प्रस्तावों को पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष करवाने में असमर्थ साबित हुए हैं। दीप चंद के अनुसार बीते ढाई सालों में पंचायत समिति ने उनके वार्ड में कोई भी विकासात्मक कार्य पूरा नहीं करवाया है। बैठक में उपमंडल के सभी विभागों के उच्च अधिकारियों को अगले 10 दिनों के अंदर पंचायत समिति की विभिन्न समस्याओं पर पारित किए गए प्रस्तावों के बारे में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
इस त्रैमासिक बैठक में यह प्रस्ताव भी पारित किया गया कि विभिन्न विभागीय अधिकारियों की ओर से भेजे गए ऐसे कर्मचारी जो समस्या का जवाब देने में असमर्थ रहते हैं, भविष्य में समिति बैठक में ऐसे कर्मचारियों को न भेजा जाए। इस बैठक में विकास खंड कुनिहार के सभी पंचायत समिति सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं मौके पर मौजूद अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इस बैठक में सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर विकास खंड कार्यालय में रिक्त पड़े पदों को भरने की मांग सरकार से उठाई। इस बैठक समिति अध्यक्ष नीलम रघुवंशी की अध्यक्षता में विकास खंड कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। इसमें विशेष रूप से विकास खंड अधिकारी विवेक पॉल भी मौजूद रहे।
राजनीतिक ड्रामा कर रहे सदस्य : नीलम
पंचायत समिति अध्यक्ष नीलम रघुवंशी ने कहा कि यह एक राजनीतिक ड्रामा है। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति में प्रस्तावित जनहित के कार्य सभी विभागों के माध्यम से हो रहे हैं। पंचायत समिति सदस्यों को खुद भी जिम्मेवारी उठानी चाहिए।