सोलन। एससीएसटी एक्ट में बदलाव के खिलाफ प्रदर्शन का असर निगम की बसों पर पड़ा है। प्रदर्शन की वजह से सोमवार को दोपहर बाद तक सभी बसें चंडीगढ़ तक ही भेजी गईं। चंडीगढ़ से आगे जाने वाले यात्रियों को निगम टिकटें नहीं दे पाया। ऐसे यात्रियों को अपना प्रबंध खुद ही करना पड़ा है। सोलन से दिल्ली के बीच चलने वाली करीब आधा दर्जन सीधी बस सेवा इस प्रदर्शन की भेंट चढ़ी है। शिमला-सोलन-चंडीगढ़-दिल्ली रूट भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। सोलन से दिल्ली के बीच सुबह सात बजकर 20 मिनट से बस सेवा शुरू हो जाती है। लेकिन सोमवार को इस बस में टिकटें सिर्फ चंडीगढ़ तक ही काटी गई। कुछ यात्री प्रदर्शन के दौरान माहौल खराब होने का आभास पाकर बस स्टैंड से ही वापस लौट आए। इसके बाद 11 बजे, साढ़े 12 बजे और एक बजे समेत दोपहर बाद तीन बजे तक की सभी बसें चंडीगढ़ तक ही चलाई गई।
परिवहन निगम के अधिकारी लगातार चंडीगढ़ के संपर्क में रहे और पल-पल का अपडेट लेते रहे। लेकिन चंडीगढ़ से आगे का रूट दुरुस्त न होने से यात्रियों को सफर की इजाजत नहीं दी गई। सोलन बस स्टैंड के प्रभारी चंद्रमणि सोनी ने बताया कि चंडीगढ़ तक रूट सही है। लेकिन इसके बाद की स्थिति किसी भी समय बदल सकती है। ऐसे में बसों और यात्रियों को कोई नुकसान न पहुंचे इसे देखते हुए बसों को आगे ले जाने की इजाजत फिलहाल नहीं दी जा रही है। शाम तक चंडीगढ़ और दिल्ली से जो भी इनपुट मिलेंगे उनके आधार पर बस सेवा चलाई जाएगी। बताया कि जब तक ग्रीन सिग्नल नहीं मिलता परिवहन निगम बस सेवा शुरू नहीं करेगा। इस बीच दिल्ली जाने वाले यात्री परेशानी होते रहे। दिल्ली जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचे राज कुमार, रोशन, दलीप, रजनी, सोनिया व दीपिका ने बताया कि उनका दिल्ली पहुंचना जरूरी था लेकिन बसें सिर्फ चंडीगढ़ तक जा रही हैं। इसके चलते वे आगे का सफर नहीं कर पाएंगे। मजबूरन उन्हें अपने घर को वापस लौटना पड़ रहा है।