अर्की (सोलन)। थाना प्रभारी दाड़लाघाट ने मंगलवार को बाजार में दबिश देकर पॉलीथिन का इस्तेमाल करने पर दुकानदारों के चालान काटे। इस मौके पर दर्जनों दुकानों का निरीक्षण भी किया। प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर नौ दुकानदारों के चालान काटे गए। इससे दाड़लाघाट के दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
दुकानदार मोनू शर्मा, रामू, अमित और बॉबी सहित अन्य दुकानदारों ने बताया कि पुलिस ने निरीक्षण के दौरान दुकानों में रखे पॉलीथिन का चालान काटा है। यह पॉलीथिन सामान के साथ ही बाहरी राज्यों से आया था। दुकानदारों ने पुलिस को बताया कि सामान पॉलीथिन में पैक होकर उनकी दुकानों तक पहुंचता है। वे पुलिस को इसकी जानकारी दे रहे थे लेकिन थाना प्रभारी ने दुकान के अंदर पॉलीथिन मिलने की वजह से चालान काट दिया। दुकानदारों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि कंपनी से जो माल पैक होकर आता है उसे बंद करवाया जाए। पुलिस और प्रशासन को हिदायत दी जाए कि वह छोटे दुकानदारों के चालान न काटे। थाना प्रभारी मोती सिंह ने बताया कि पॉलीथिन का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। पॉलीथिन प्रदेश में प्रतिबंधित है। दुकानदार इसके बावजूद पॉलीथिन का इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस ने बाजार का औचक निरीक्षण किया है इस आधार पर नौ मामले पकड़े गए हैं।