ग्रोन घाटी चौक से सड़क को रोड फिटनेस मिलने के बाद घरद्वार पहुंचा सिलिंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत जाडली और हरिपुर के लुंशू, चड़ाव, जेरख, भडोल और कनियारा गांव के लोगों का करीब 40 साल पुराना इंतजार खत्म हो गया। लोक निर्माण विभाग और गैस एजेंसी कुनिहार के सहयोग से पहली बार गैस सिलिंडर की गाड़ी ग्रोन घाटी चौक से करीब दो किलोमीटर दूर लुंशू गांव तक पहुंची और ग्रामीणों को घर-द्वार पर गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाए गए। गैस की गाड़ी गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने गैस एजेंसी के चालक और परिचालक का फूल मालाओं से स्वागत किया। इससे पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
ग्रोन घाटी चौक से लुंशू तक सड़क को लोक निर्माण विभाग की ओर से रोड फिटनेस मिलने के बाद गैस वाहन के गांव तक पहुंचने का रास्ता साफ हुआ। अब ग्रामीणों को गैस सिलिंडर लेने के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा।
लुंशू निवासी कैप्टन राकेश कुमार ने इस सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग, डीएफएससी सोलन और गैस एजेंसी कुनिहार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से इस सुविधा का इंतजार कर रहे थे। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास और विभागों के सहयोग से यह मांग पूरी हो सकी है।
इस मौके पर दया राम, राम चंद, राजेंद्र, संतोष, राजेश, मोनिका, अनीता, ममता, हेमा, मोहिंदर, विक्की और गोलू सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने गैस एजेंसी और संबंधित विभागों का आभार जताते हुए कहा कि गांव तक गैस सिलिंडर पहुंचने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।