परवाणू(सोलन)। परवाणू में एक ठेकेदार के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। ठेकेदार परवाणू सेक्टर-1 रिहायशी क्षेत्र में निजी भवन का निर्माण कार्य सरकारी सीमेंट से कर रहा था। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने सूचना मिलने पर दबिश देकर मौके से सरकारी मोहर लगीं सीमेंट की 40 बोरियां बरामद कीं। पुलिस ने जब इस कार्य में सरकारी सीमेंट लगाने के संबंध में ठेकेदार से दस्तावेज मांगे तो वह पेश नहीं कर सका। पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार परवाणू थाना के प्रभारी रविंद्र कुमार को गुप्त सुचना मिली कि परवाणू के सेक्टर-1 (कामली पुल के नजदीक) स्थानीय निवासी एक व्यवसायी के निर्माणाधीन मकान का काम कर रहा एक ठेकेदार मनोहर लाल निर्माण सामग्री में अवैध रूप से सरकारी सीमेंट का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना के बाद एसएचओ की अध्यक्षता में पुलिस दल ने त्वरित कार्रवाई कर निर्माण स्थल पर जांच की तो वहां 40 सरकारी सीमेंट के बैग तिरपाल के नीचे पकड़े। पुलिस ने जब मकान मालिक और ठेकेदार से पूछताछ की तो दोनों इसका कोई भी बिल और परमिट पेश नहीं कर पाए। पुलिस अब यह जानने में जुटी है कि निर्माण कार्य में सरकारी सीमेंट का इस्तेमाल कब से हो रहा था और इतनी बड़ी सरकारी सीमेंट की खेप कहां और किसके माध्यम से यहां तक पहुंची। उधर, डीएसपी परवाणू योगेश रोल्टा ने इसकीपुष्टि कर बताया कि गुप्त सुचना पर पुलिस ने यह कार्रवाई है। मामले की जांच की जा रही है।