46 बुखार के रोगियों के लगाए थे सैंपल, कम हो रहा डेंगू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बीबीएन में डेंगू के रोगी अब लगातार कम होते जा रहा हैं, जहां पहले डेढ़ से दो दर्जन मरीज रोजाना आ रहे थे, अब मात्र तीन से चार मरीज ही आ रहे हैं। बद्दी में डेंगू के चार नए रोगी आए हैं। अब यहां पर रोगियों की संख्या बढ़कर 559 हो गई है जिसमें बद्दी 356 और नालागढ़ में 203 है। बद्दी में 46 रोगियों के सैंपल लगाए गए थे जिसमें चार बुखार के रोगियों में डेंगू पाया गया। वहीं नालागढ़ में वीरवार को कोई सैंपल नहीं लगाया गया। ठंड बढ़ने के बाद अब डेंगू धीरे-धीरे कम हो रहा है। बीबीएन में रोगियों की संख्या पहले से कम हुई है।
बीएमओ डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने बताया कि रोगियों का उनकी बीमारी के हिसाब से उपचार किया जा रहा है और लोग एक सप्ताह के बाद सामान्य भी हो रहे है। अब पहले से कम रोगी डेंगू के आ रहे हैं। बद्दी में मात्र चार रोगी आए हैं। इससे लग रहा है कि आने वाले समय में यह और कम हो जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह अपने पूरे शरीर को ढक कर रखें। उन्होंने रोगियों को सफाई का ध्यान रखने व पानी जमा न होने की देने की सलाह दी।