नालागढ के ट्रक यूनियन में रक्तदान करते हुए यूनियन के ट्रक चालक व अन्य – स्रोत- यूनियन
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय अर्द्ध सरकारी चालक व परिचालक संघ की ओर से नालागढ़ की ट्रक यूनियन में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर के दौरान 38 रोगों ने रक्तदान किया। शिविर का शुभारंभ सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने किया। इस मौके पर यूनियन के प्रधान विद्या रतन चौधरी विशेष रूप से उपस्थित हुए। सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमी नहीं आती है। रक्तदान करने के बाद दोबारा खून बनना शुरू हो जाता है। तीन माह के बाद एक स्वस्थ व्यक्ति दोबारा रक्तदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से ट्रक यूनियन में एक माह स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। इसमें चालक व परिचालकों के स्वास्थ्य को जांचा जाएगा। इस दौरान बीपी शुगर व अन्य टेस्ट मुफ्त किए जाएंगे। ट्रक यूनियन के प्रधान विद्या रतन ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। इस दान को करने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। नालागढ़ के ब्लड बैंक की प्रभारी डॉ. मनिका शर्मा की अगुवाई में रक्त एकत्रित किया गया। इस मौके पर बीएमओ डॉ. कवि राज नेगी, बीर सिंह चंदेल, सुरजीत सिंह, सोनू सैणी, जसविंद्र सिंह व ट्रक चालक व परिचालक उपस्थित रहे।