शहर में मालरोड, ओल्ड बस स्टैंड, चंबाघाट और कोटलानाला में मनाया होली का जश्न
आधे दिन तक बाजार रहे बंद, चप्पे-चप्पे पर रहा पुलिस कड़ा पहरा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर में रंगों और उमंग के साथ होली का त्योहार मनाया गया। शहर की गलियों, मोहल्लों और चौक-चौराहों में लोग गुलाल उड़ाते और डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। कई जगहों पर रंग बरसे चुनरवाली और होलीया में उड़े रे गुलाल जैसे गीतों पर लोग जमकर नाचे और हवा में रंगों की बौछार की। सोलन की सब्जी मंडी में आढ़तियों ने भी होली का आयोजन किया। इसमें स्थानीय किसान और पल्लेदार शामिल हुए। वहीं चंबाघाट, कोटलानाला, ओल्ड बस स्टैंड और बाईपास में युवाओं की भारी भीड़ रही। कोटलानाला में डीजे की धुन पर युवा वर्ग ने जमकर डांस किया। जिलेभर के सभी प्रमुख कार्यक्रम दोपहर 2 बजे तक चले। सैकड़ों की तादाद में लोग एकत्र हुए, बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की बधाई दी। बाजारों में कई जगह टोलियां बनाकर रंगों और गानों के बीच मस्ती करती नजर आईं। हालांकि, त्योहार में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर कड़ी तैनाती की।
चायल में भी रंगों की धूम
चायल (सोलन)। उपमंडल के सभी क्षेत्रों में रंगों का त्योहार बड़े हर्षोल्लास से मनाया गया। साधुपुल, चायल बाजार, जनेडघाट, वाकनाघाट, सायरी और गौड़ा में बच्चों की टोलियों ने जमकर मस्ती की। ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साहपूर्ण होली का आयोजन हुआ।
धर्मपुर, कसौली और जाबली में डोल की थाप पर झूमे युवा
धर्मपुर(सोलन)। धर्मपुर बाजार में युवा वर्ग ने ढोल की थाप पर टोली बनाकर जमकर नृत्य किया। स्थानीय दुकानदारों ने गुलाल व पिचकारियों की बिक्री कर अच्छा कारोबार किया। निजी वाहनों में पंजाबी भांगड़ा और पहाड़ी नाटी पर लोग झूमते नजर आए। इसी तरह कसौली, गढ़खल, जाबली, कुमारहट्टी, डगशाई और अंहेच, कोटी व दत्यार में भी उत्सव धूमधाम से मनाया गया।
दाड़लाघाट और आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास से मनाई होली
दाड़लाघाट(सोलन)। दाड़लाघाट और आसपास के क्षेत्रों में होली हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। लोग गुलाल लगाकर गले मिले और पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। नवगांव, धुंदन, दाड़लामोड़, पारनु, कंसवाला, कराड़ाघाट, मांगल, बागा, बैरल, बुघार, चंडी, कश्लोग और मांगू में भी आयोजन हुए।
खजरेट गांव में लोगों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कसौली(सोलन)। उपमंडल की ग्राम पंचायत गांगुड़ी के खजरेट गांव में लोगों ने न केवल उत्साह के साथ होली खेली, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। होली के बाद ग्रामीणों ने स्वच्छता अभियान चलाया और शक्तिघाट बाजार से लेकर खजरेट गांव तक कचरा और प्लास्टिक हटाया।
कसौली उपमंडल की खजरेट गांव होली के मौके पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए। स्रोत्र ग्रामीण
कसौली उपमंडल की खजरेट गांव होली के मौके पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए। स्रोत्र ग्रामीण