अर्की में युको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण के दौरान मौजूद महिलाएं। संवाद
अर्की में यूको आरसेटी की ओर से प्रशिक्षण किया शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सोलन (यूको आरसेटी) की ओर से अर्की मुख्यालय के अंबेडकर भवन में महिलाओं के लिए 10 दिवसीय मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण शुरू किया। इस मौके पर नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं यूको बैंक सोलन की प्रबंधक तमन्ना मोदगिल और यूको बैंक अर्की के मुख्य प्रबंधक गरिमा वालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यूको आरसेटी निदेशक सोलन मीनू बारिया ने बताया की इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 35 महिलाएं भाग ले रही हैं, जिन्हें यूको आरसेटी द्वारा मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उद्यमिता विकास पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा और बैंक की योजनाओं से भी अवगत करवाया जाएगा।
मुख्यातिथि ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए यूको आरसेटी द्वारा करवाए जा रहे प्रशिक्षण शिविर काफी लाभप्रद साबित हो रहे हैं। इन शिविरों के जरिए महिलाएं जहां बारीकी से कार्य करने का प्रशिक्षण ले रही हैं वहीं वह अपना स्वरोजगार भी स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत द्वारा समय-समय पर महिलाओं के लिए इस तरह के शिविर आयोजित करवाए जाते रहे हैं। इस मौके पर पार्षद पदम कौशल, गोपाल बंसल, किरण कश्यप सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहे।