संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद ने कहा कि नगर निगम सभागार में शनिवार चार अक्तूबर को हिमाचल के दिव्यांग खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए दिव्यांगजन व विशिष्ट अतिथि सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। सोलन के पुराने विश्राम गृह में आयोजित पत्रकारवार्ता में उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में देश विदेश में आयोजित हुई खेल प्रतियोगिताओं में स्वर्ण व रजत पदक जीतने वाले 35 दिव्यांग खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्पेशल ओलंपिक भारत की चेयरमैन मल्लिका नड्डा मुख्यातिथि के रूप में भाग लेंगी। कार्यक्रम भाजपा के सेवा पखवाड़ा के तहत रोशनी संस्था एवं स्पेशल ओलंपिक हिमाचल चैप्टर के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल इस समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि भाग लेंगे।