चंबाघाट में यूको आरसेटी के प्रशिक्षुओं को आरबीआई से संबंधित शिविर के दौरान। स्रोत: बैंक प्रब
चंबाघाट में यूको बैंक व आरबीआई ने किया अवितरित धन वापसी शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला के अग्रणी यूको बैंक ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के निर्देशानुसार सोलन-चंबाघाट रोड स्थित आरसेटी में सोमवार को एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया। जिला प्रबंधक तमन्ना मोदगिल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उन खाताधारकों को उनकी जमा राशि वापस दिलाना था, जो लंबे समय से बैंकों में बिना किसी दावे के पड़ी हुई है। अवितरित धन वापसी अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के विभिन्न बैंकों के अधिकारी, कर्मचारी और आरसेटी के निदेशक मौजूद रहे। शिविर में लगभग 35 लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। बैंक अधिकारियों ने लाभार्थियों को उनकी अवितरित राशि से संबंधित विस्तृत जानकारी दी और दावा प्रक्रिया को पूरा करने में आवश्यक सहायता प्रदान की। इस दौरान प्रतिभागियों को आरबीआई की सरल, पारदर्शी और सुव्यवस्थित रिफंड प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया। एलडीएम तमन्ना मोदगिल ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से डीईएएफ खातों से संबंधित राशि सफलतापूर्वक असली हकदारों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य आम नागरिकों की गाढ़ी कमाई को बिना किसी देरी और जटिलता के उन तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि वे अपने पुराने और निष्क्रिय खातों की जानकारी जुटाकर इस पारदर्शी अभियान का लाभ उठाएं।