मांगल स्कूल में वार्षिक समारोह में सम्मानिक की गई छात्राएं मुख्यातिथि के साथ। स्रोत: आईपीआर
अर्की के विधायक ने 2.21 करोड़ रुपए के शिंटी घाट वन विश्राम गृह की भी रखी आधारशिला
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने सोमवार को ग्राम पंचायत मांगल के कंधर में 2.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शिंटीघाट वन विश्राम गृह की आधारशिला रखी। इस विश्राम गृह के बनने से क्षेत्र में पर्यटन और वन विभाग की गतिविधियों को बल मिलेगा। इससे पूर्व विधायक ने स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मांगल में क्लस्टर के 11 विद्यालयों के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में शिरकत की और मेधावियों को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालयों की अधोसंरचना के साथ-साथ शिक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए मौजूदा शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा को भी जोड़ा जा रहा है। स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं के माध्यम से छात्रों को आधुनिक व तकनीकी शिक्षा के बारे में सीखाया जा रहा है जो उनके सफल भविष्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत मांगल व आसपास के क्षेत्रों में मछली पालन की संभावनाएं मौजूद है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि इस क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसरों को तलाशें और इसका भरपूर लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इस क्षेत्र के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं आरंभ की गई है। मुख्यमंत्री कार्प मत्स्य पालन योजना ऐसी ही एक योजना है। इस योजना के तहत ग्रामीण युवाओं और किसानों को मछली पालन से जोड़कर स्वरोजगार की ओर बढ़ने के अवसर प्रदान किए जा रहे है। उन्होंने राजकीय प्राथमिक पाठशाला बोही के एक कमरे के निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने आयोजन समिति को 21 हजार रुपए तथा छात्रों के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। विद्यालय भवन की छत के निर्माण, पुराने भवन की मरम्मत कार्य के लिए तथा राजकीय उच्च विद्यालय बाघा के हॉल के पूर्ण निर्माण कार्य के लिए अनुमानित लागत की पूरी धनराशि देने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यालय में बाल शौचालय के निर्माण, कंधर और बाघा महिला मंडल भवन के निर्माण के लिए अनुमानित लागत की पूरी धनराशि देने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।