सफाई निरीक्षक टीम ने किया सेक्टर एक का दौरा
नगर परिषद परवाणू ने कारोबारियों को साफ-सफाई रखने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
परवाणू (सोलन)। परवाणू के सफाई निरीक्षक आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में नप के सुपरवाइजर रजनीश बन्याल और नप के सफाई कर्मचारियों ने नप क्षेत्र की साफ-सफाई का मुआयना किया। इस दौरान सेक्टर-1 के दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी मार्केट में निरीक्षण टीम को देख कर सभी कारोबारियों में हड़कंप मच गया। सफाई निरीक्षक आशुतोष शर्मा ने रेहड़ी मार्केट में खानपान की रेहड़ी-फड़ी वालों के फूड और रेहड़ियों के लाइसेंस की जांच की और रेहड़ी मार्केट में सफाई व्यवस्था को असंतोष जनक पाया। इस बारे में हिदायत देते हुए सभी को साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा। हिदायत जारी दी गई कि कूड़े-करकट को नप की डोर टू डोर कलेक्शन में नियुक्त पिकअप में ही डालें ताकि शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। इसके साथ रेहड़ी मार्केट में लोगों को अनाधिकृत रूप से सामान सड़क पर रखकर अतिक्रमण या बाधित न करने के बारे में चेतावनी दी गई।