देश भर के पर्यटक सलाहकारों का हिमाचली अंदाज में स्वागत
सोलन में राष्ट्र स्तरीय पर्यटन मिलन उत्सव शुरू, होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने लगाया तिलक
तीन दिन तक चलेगा अमर उजाला प्रायोजित कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। ‘अमर उजाला’ प्रायोजित राष्ट्र स्तरीय पर्यटन सलाहकार मिलन उत्सव वीरवार से शुरू हो गया। इस उत्सव के पहले दिन देश भर के विभिन्न राज्यों से पर्यटक सोलन पहुंचे। इनका होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने होटल पैरागॉन में स्वागत किया गया। सभी सलाहकारों को तिलक लगाया और भारतीय परंपरा से फूल मालाएं पहनाकर हिमाचल की संस्कृति से रूबरू करवाया। मिलन उत्सव के पहले दिन शहर के सबसे नजदीकी हिल स्टेशन धरों की धार में हिमाचली सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। रमिंद्र बावा ने बताया कि सोलन शहर के आसपास बहुत से ऐसे पर्यटक स्थल हैं जो अभी तक देश-दुनिया के सामने नहीं आए हैं। हिमाचल आने वाले लोग पर्यटक स्थल के रूप में सिर्फ शिमला, मनाली, धर्मशाला, कुल्लू या फिर कसौली व चायल ही जानते हैं। वे गुजरते तो सोलन जिला मुख्यालय से होकर हैं लेकिन यहां रुकते नहीं। इन पर्यटकों को सोलन में रोकने के उद्देश्य से ही होटल एसोसिएशन ने यह समारोह किया है। देश भर से करीब सौ लोगों को सोलन का न्योता दिया गया है। ये सभी लोग विभिन्न जगहों पर जाकर पर्यटक स्थलों का मुआयना करेंगे और बाद हिमाचल घूमने आने वाले पर्यटकों को यहां की जानकारी देंगे। इससे सोलन में पर्यटन कारोबार बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में वेडिंग प्लानर भी आ रहे हैं। ये भविष्य में हिमाचल में शाही व बड़े घरानों की शादियों का आयोजन करेंगे। इस पूरे उत्सव का उद्देश्य सोलन में पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन व पुलिस विभाग भी होटल एसोसिएशन की मदद के लिए आगे आया है। इस मौके पर बाहरी राज्यों से पहुंचे पर्यटन सलाहकारों ने बताया कि वे सोलन घूमने के लिए काफी उत्सुक हैं। इस इवेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सोलन एक बेहतर जगह है।