सड़क पर आ गिरा कंपनी का प्रचार बोर्ड
हादसे का शिकार होने से बचा कार चालक
सैनिक विश्राम गृह के समीप शाम करीब तीन बजे पेश आया हादसा
बोर्ड गिरने के बाद संबंधित बोर्ड के मालिक ने इसे सड़क से हटाया
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर के माल रोड पर एक निजी कंपनी का विज्ञापन बोर्ड गिरने से बड़ा हादसा होने से टला है। घटना रविवार करीब तीन बजे की है। एक कंपनी के प्रचार के लिए लगाया गया भारी-भरकम बोर्ड एकदम से माल रोड पर एक कार पर गिर गया। हालांकि इस दौरान वहां से कोई व्यक्ति पैदल नहीं गुजर रहा था, नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार शहर के माल रोड पर सैनिक विश्राम गृह के समीप एक निजी भवन की दीवार पर प्रचार के लिए एक बोर्ड लगाया गया हुआ था। वहीं एकदम से बोर्ड धीरे-धीरे नीचे की ओर खिसकने लगा, देखते ही देखते वह माल रोड से गुजर रही एक कार पर गिर गया। हालांकि इसमें कार में सवार लोग और कार को कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन कोई व्यक्ति इस दौरान पैदल चल रहा होता तो, कोई बड़ी घटना घट सकती थी। वहीं इस दौरान मौके पर मौजूद बोर्ड से संबंधित मालिकों ने माल रोड से उक्त बोर्ड को हटाया। वहीं इस दौरान थोड़े समय के लिए माल रोड पर यातायात भी प्रभावित हुआ है।
इनसेट
शहर सहित आसपास के कई क्षेत्रों में विभिन्न निजी कंपनियों और संस्थानों की ओर से अपने प्रचार के लिए बिना अनुमति के भारी भरकम बोर्ड टांगे गए हैं। जो रोजाना उसके नीचे से गुजर रहे लोगों के लिए खतरा बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद संबंधित प्रशासन की ओर से उक्त बोर्ड को हटाना तो दूर उनके खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं की जा रही है। हालांकि कुछ संस्थानों कारोबारियों सहित अन्य लोगों की ओर से अपने निजी भवनों व व्यवसाय क्षेत्रों में बोर्ड टांग रखे हैं।
हवा से गिरा बोर्ड
इस संबंध में कंपनी की ओर से सुरेंद्र सिंगटा ने बताया कि तेज हवा के कारण लगाया गया बोर्ड गिर गया था, उन्होंने बताया कि इस बोर्ड से किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है। कहा, आगे से इस विषय में ध्यान रखा जाएगा।