बद्दी (सोलन)। औद्योगिक हब बीबीएन में शुक्रवार को बारिश के साथ आए तूफान से जहां कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई वहीं बिजली तार आपस में टकराने से उससे निकली चिंगारियों से खेतों में खड़ी फसलें जल गईं। कई क्षेत्रों में बत्ती गुल रहने से ब्लैक आउट रहा और विद्युत कर्मचारियों के खूब पसीने छूटे। विद्युत कर्मी सुबह से ही शिकायतों का निवारण करने में जुटे रहे वहीं विद्युत बोर्ड के कई फीडर आधे चले तो कहीं नाममात्र ही आपूर्ति हो सकी है।
क्षेत्र में बारिश कम हुई आंधी ज्यादा चली। कई जगह पर पेड़ भी गिरे हैं और कही जगहों पर बिजली तार आपस में टकराने से फसलों पर चिंगारी गिरने से गेहूं आग की भेंट चढ़ गई। इनमें नालागढ़ उपमंडल के सौड़ी गुजरां में किसान रतन चौधरी की पांच बीघा भूमि पर लगी गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई है। यहां बिजली के खंबे से शॉर्टसर्किट होने से आग फैली। पंचायत प्रधान सुशीला ठाकुर और समाजसेवी ज्ञान ठाकुर ने सरकार और प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। खेड़ा पंचायत के तहत नाहर सिंह गांव में भी गेहूं की फसल जल गई है। खरूणी में एक कबाड़ की दुकान आग की भेंट चढ़ी है। यहां हवा में चिंगारी कहीं दूर से आई जिससे कबाड़ में आग लग गई है। नालागढ़ शहर के अस्पताल मार्ग और वार्ड-आठ में बिजली तार टूटने से आपूर्ति बाधित रही। महादेव के पास बिजली की तारों पर पेड़ गिरने से क्षेत्र की बत्ती गुल हो गई
पेड़ गिरने से टूटी तारें : बोर्ड
विद्युत बोर्ड नालागढ़ के एक्सइएन अमित गुप्ता ने कहा कि कई जगहों पर पेड़ गिरे हैं। कई स्थानों पर बिजली की तारें टूट गई हैं। उन्होंने कहा कि जगह-जगह पर विद्युत कर्मी बिजली को सुचारु बनाने में जुटे हुए है। कई फीडर आधे तो कई उससे भी कम चल रहे हैं लेकिन जल्द ही सारी विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाने का प्रयास जारी है।