धर्मपुर(सोलन)। विद्युत उपमंडल धर्मपुर के तहत दो उद्योगपतियों समेत 300 लोगों के विद्युत कनेक्शन काटने की तैयारी बोर्ड ने शुरू कर दी है। डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के पास बोर्ड के 70 लाख रुपये फंसे हैं। बोर्ड ने पहले बिल जमा करवाने के लिए उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं। कोविड के बीच 31 जून से पहले बिल जमा करवाने की चेतावनी दी है। इसके बाद बिजली कनेक्शन काटना शुरू कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार विद्युत उपमंडल धर्मपुर के तहत करीब 300 विद्युत उपभोक्ता ऐसे है जिन्होंने पिछले कई माह से बिलों का भुगतान नहीं किया है। इसके चलते बोर्ड को चुना लग रहा है। इन बिलों का भुगतान पिछले लंबे अरसे से नहीं हुआ है।
इस कारण बोर्ड ने उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने का निर्णय लिया है। धर्मपुर उपमंडल के तहत 13 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। बोर्ड की माने तो कोविड के दौरान भी इन्हें बिजली बिलों के भुगतान को लेकर थोड़ी राहत दी थी, लेकिन अभी तक बिजली बिलों का भुगतान नहीं हुआ है।
इन्हें भी करना है भुगतान
परवाणू-सोलन के बीच उच्च न्यायालय के आदेश के बाद काटे बिजली कनेक्शन के बाद लोगों ने बिल जमा नहीं करवाए हैं। लोगों को भी विद्युत बोर्ड ने बिल का भुगतान करने के लिए कहा है। बोर्ड ने जारी फरमान में ऐसे लोगों के बिजली बिल जमा नहीं करने पर चालू खाते में बिल परिवर्तित करने के लिए कहा है।
बिना सूचना के काटे जाएंगे बिल
विद्युत उपमंडल धर्मपुर के सहायक अभियंता ई. ताराचंद भारती ने बताया कि तीन सौ उपभोक्ताओं ने बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है। ऐसे लोगों को 31 जून से पहले बिल भरने के लिए कहा है। इसके बाद बोर्ड बिल जमा नहीं करवाने वालों के बिना किसी सूचना के कनेक्शन काट देगा।