सोलन। प्रदेश सरकार हिमाचल को सभी क्षेत्रों में श्रेष्ठ बनाने के लिए कार्यरत है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए महिला सशक्तीकरण पर विशेष दिया जा रहा है। यह बात बहुद्देशीय परियोजना एवं ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने ग्राम पंचायत दंगील के रावमापा डोल का जुब्बड़ में आयोजित जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुई कही। उन्होंने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ तथा बेटी है अनमोल योजना से महिला सशक्तीकरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण के साथ-साथ महिला सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बेटियों को भी किया सम्मानित
बेटी है अनमोल योजना के तहत ग्राम पंचायत दंगील की हिमांशी, खुशी तथा काव्या एवं तथा ग्राम पंचायत हिन्नर की राधिका और लतिका को 10-10 हजार रुपये की एफडी भेंट की। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत झाझा की आरूषि, तनवी तथा रियांशी, ग्राम पंचायत दंगील की रिद्धि तथा ग्राम पंचायत हिन्नर यशिता, रूद्रांशी, टीना तथा वाणी को सम्मानित भी किया। इसके अलावा प्रदेश सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शक्ति बटन ऐप और गुड़िया हेल्पलाइन की शुरुआत की है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। देश तथा प्रदेश में लड़कियां सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ हस्ताक्षर अभियान पट्ट पर हस्ताक्षर भी किए। उन्होंने एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत देवदार का पौधा भी रोपा।
ये रहे मौजूद
क्षेत्र के वरिष्ठ नेता डॉ. राजेश कश्यप, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, जिला परिषद सदस्य शीला, भाजपा मंडल सोलन एवं दुधारू पशु सुधार सभा सोलन के अध्यक्ष रविंद्र परिहार, राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक सोलन जोन-1 के निदेशक मदन ठाकुर, जिला भाजपा महामंत्री नरेंद्र ठाकुर, खंड भाजपा कोषाध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर, बीडीसी कंडाघाट के पूर्व अध्यक्ष नंदलाल, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ अधिकारी, उपायुक्त सोलन विनोद कुमार, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिव कुमार सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।