नीलू पहलवान ने अश्वनी को पटखनी देकर जीती माली
कब्जाकृष्णगढ़ जिला स्तरीय दशहरा मेला का हुआ समापन
अमर उजाला ब्यूरो
कुठाड़ (सोलन)। कृष्णगढ़ उप तहसील का दो दिवसीय जिला स्तरीय दशहरा मेला शुक्रवार देर रात को धार्मिक व सांस्कृतिक आस्था के साथ संपन्न हो गया। दो दिनों तक चलने वाले इस मेले में कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबाल, बैडमिंटन, बंदूक से फूल उड़ाना, रस्साकशी, मटका फोड़, कृषि व बागवानी उत्पादों की प्रदर्शनियों के अलावा अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रथम दिन मेले का विधिवत शुभारंभ दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने किया और सांसद वीरेंद्र कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। दूसरे दिन अविनाश शर्मा अधिवक्ता जिला न्यायालय सोलन व बलबीर ठाकुर मंडल अध्यक्ष दून भाजपा ने मुख्यातिथि के रूप में पधारकर कुश्ती, बंदूक से फूल उड़ाना व वॉलीबाल और कबड्डी के फाइनल मैचों का शुभारंभ किया।
विजेता और उप विजेता टीमों को पुरस्कारों से नवाजा
बैडमिंटन की जूनियर वर्ग की प्रतियोगिता में हेमंत कुमार को प्रथम और कमल कुमार को द्वितीय पुरस्कार दिया गया। बंदूक से फूल उड़ाने की प्रतियोगिता में टैगोर वन स्थली पब्लिक स्कूल कुठाड़ के छात्र नितिन ने बाजी मारी। कबड्डी में गुनाई की टीम को विजेता व राजपुरा की टीम को उप विजेता घोषित किया गया। वॉलीबाल में रोपड़ की टीम विजेता और बीबीएन परवाणू की टीम उप विजेता रही। कुश्ती में नीलू पहलवान बद्दी ने अश्वनी पहलवान कांगड़ा को पटकनी देकर माली का खिताब अपने नाम किया। मटका फोड़ की प्रतियोगिता में दाड़वा के अमित कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। रस्साकशी में दाड़वा की टीम ने बाजी मारी। इस दौरान स्टार म्यूजिकल ग्रुप व जैस्मिन पब्लिक स्कूल कुठाड़ के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पंजाबी कलाकार सुखविंदर जस्सी ने तुम्हें दिल्लगी भूल जानी पड़ेगी और कजरा मुहब्बत वाला गीत पेश कर खूब वाहवाही लूटी। इस अवसर पर अधिवक्ता सोलन अविनाश शर्मा, बलबीर ठाकुर मंडल अध्यक्ष दून भाजपा, बलविंदर ठाकुर जिला भाजपा सचिव के अलावा प्रधान ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ रामनाथ वशिष्ठ, मेला कमेटी प्रधान नरेंद्र बबलू, पवन कुमार, ईश्वर दत्त, गोपाल ठाकुर, पूर्ण चंद गुप्ता, रमेश ठाकुर, हरिनंद उपस्थित रहे।