सोलन। बिजली उपभोक्तओं को अब अपना बिल जमा करवाने के लिए घंटों कतार में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। बिजली बोर्ड ने अब पेटीएम ऐप से बिल जमा करवाने की सुविधा लोगों को दी है। बिजली बोर्ड ने जिला मुख्यालय सोलन में इसकी शुरूआत की है। बताया जा रहा है कि लोगों को बोर्ड की यह सुविधा पसंद आ रही है। हर महीने बिजली बिल जमा करवाने के लिए लोगों को कतारों में खड़ा होकर बिजली बोर्ड कार्यालय जाना पड़ता है।
पेटीएम की सुविधा के बाद अब उपभोक्ता कहीं से भी ऑनलाइन घर का बिजली बिल भर सकते हैं। ऑनलाइन बिजली बिल भरने से उपभोक्ताओं को बोर्ड कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। सोलन में करीब एक महीने पहले इस सुविधा को शुरू किया गया है। उपभोक्ता अपने मोबाइल से घर बैठे ही बिल जमा करवा सकते हैं। इससे पहले लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़े होकर बिजली बिल जमा करवाना पड़ता था। दरअसल, अधिक लोगों को अभी इस सुविधा का पता नहीं लग पाया है लेकिन कुछ लोग पेटीएम के जरिये बिलों का भुगतान कर रहे हैं। बिजली बोर्ड की तरफ से लोगों को दी गई सुविधा से लोग काफी खुश है।
मुख्यालय में रहता है रिकॉर्ड
बिजली उपभोक्ताओं की ओर से पेटीएम से किए गए बिलों के भुगतान का डाटा बोर्ड मुख्यालय में रहता है। महीने के अंत में बोर्ड जिला को इसकी रिपोर्ट देता है कि कितने लोगों ने अपने बिलों का भुगतान ऑनलाइन और पेटीएम के जरिये किया है। सोलन में काफी लोग इस सुविधा से जुड़ रहे हैं।
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अनुराग ने बताया कि सोलन में अब पेटीएम के जरिये लोग अपने बिजली बिलों को जमा करवा सकते हैं। बोर्ड ने सोलन में यह सुविधा उपभोक्ताओं के लिए शुरू कर दी है।