सोलन। आने वाले दिनों में सोलन शहर में पार्किंग की समस्या नहीं रहेगी। लोगों को राहत देने के लिए नगर परिषद ने काम शुरू कर दिया है। नगर परिषद रेलवे स्टेशन के पास करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग का निर्माण करवा रही है। इस पार्किंग में एक समय में सौ से अधिक गाड़ियां खड़ी हो पाएंगी। इससे शहर में खरीदारी व अन्य जरूरी काम के लिए आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने में आसानी होगी।
नगर परिषद ने पार्किंग निर्माण का जिम्मा बीएसएनएल को सौंपा है। पार्किंग का भवन कुल तीन मंजिला होगा। इसमें भूतल में जमीन मालिक को जगह दी जाएगी। जबकि ऊपर गाड़ियों को खड़ा करने के प्रबंध किए जाएंगे। नगर परिषद ने सोलन शहर में दो बड़ी पार्किंग बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इनमें से पुराने बस स्टैंड पर एक पार्किंग का विवाद होने की वजह से काम शुरू नहीं हो पा रहा है। जबकि दूसरी पार्किंग का निर्माण शुरू कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन के ठीक पास और बाजार के मुहाने पर पार्किंग होने की वजह से यहां बहुत से लोगों को फायदा मिलेगा।
गौरतलब है कि इस समय सोलन शहर में गाड़ी खड़ी करने के लिए कोई उचित जगह नहीं है। शहर से सटे जिन कुछेक जगहों को नगर परिषद ने पार्किंग जोन घोषित कर रखा है उनमें ज्यादातर स्थानीय लोगों की गाड़ियां खड़ी रहती हैं। इस वजह से पर्यटकों या खरीदारी करने आने वालों को पार्किंग लायक जगह नहीं मिल पाती है। कई बार सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने पर पुलिस वाहन चालकों का चालान भी काटती है।
कोट्स
नप के जई विनोद पाल का कहना है कि पार्किंग बनाने का काम शुरू हो गया है। नगर परिषद ने पार्किंग बनाने का ठेका बीएसएनएल को दिया है। इस पार्किंग का बजट लगभग तीन करोड़ का रखा गया है। यह पर्किंग 700 से 800 मीटर के दयारे में बनाई जा रही है जिसमें ग्राउंड के साथ तीन मंजिल पार्किंग का एरिया 1249.93 स्क्वेयर मीटर रखा गया है।