नालागढ़ (सोलन)। बद्दी-नालागढ़ हाईवे के फोरलेन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नए सिरे से तैयार किए गए एनएच एक्ट सेक्शन 3 ए के दोबारा भेजे ड्राफ्ट को केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है।
यह ड्राफ्ट दूसरी बार इसलिए तैयार किया गया है, क्योंकि हाईवे के मध्य से दोनों ओर 45 मीटर भूमि पूरी करनी है, जिसके तहत दोनों ओर से साढ़े 22-साढ़े 22 मीटर भूमि का अधिग्रहण होगा। लेकिन इसके लिए पहले चली भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में यह कहीं कम तो कहीं अधिक पाई गई, जिस पर केंद्रीय मंत्रालय ने मापदंडों के तहत इस जमीन को पूरा करने के कड़े निर्देश जारी किए थे। जिन भू मालिकों की जमीन इसकी जद में आ रही है, उन्हें अपनी आपत्तियां व सुझाव देने के लिए 21 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद 3 डी का ड्राफ्ट मुआवजा राशि के लिए तैयार होगा।
32 में से 24 गांवों का पहले आ चुका है 125 करोड़ मुआवजा
स्पेशल लैंड एक्वीजिशन सेल की ओर से नालागढ़ से बद्दी तक के 32 गांवों का मुआवजा तैयार करके इसमें से 24 गांवों की करीब 125 करोड़ की धनराशि प्राप्त हो चुकी है, जिसमें से 90 करोड़ वितरित किए जा चुके हैं। वहीं इसकी जद में आने वाले स्ट्रक्चरों की पैमाइश का कार्य भी जोरों से चला हुआ है। लेकिन केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्रालय के नए आदेशों के तहत इस हाईवे से फोरलेन के लिए निर्धारित किए गए 45 मीटर भूमि के मापदंडों को पूर्ण करने के लिए भूमि की दोबारा से पैमाइश होनी है। स्पेशल लैंड एक्वीजिशन यूनिट के ओएसडी रिटायर्ड आईएएस सुभाष सकलानी व भू अर्जन अधिकारी रिटायर्ड तहसीलदार कुंदन सिंह लालटा ने कहा कि भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के तहत केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय की ओर से 3ए की नोटिफिकेशन जारी कर इसे राजपत्र में प्रकाशित कर दिया है।
45 मीटर भूमि का होगा अधिग्रहण
सक्षम अधिकारी भू अर्जन एवं एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने कहा कि एनएच के सेंटर से 45 मीटर भूमि दोनों ओर ली जानी है। इसके तहत नए सिरे से 3ए का ड्राफ्ट तैयार किया गया, जहां से इसकी नोटिफिकेशन आ चुकी है। अब भूमि मालिकों को 21 दिनों का समय आपत्ति दर्ज करवाने के लिए दिया गया है। इसके उपरांत सेक्शन-3डी के तहत मुआवजा का खाका बनाकर मंत्रालय को भेज दिया जाएगा, जहां से 3जी के तहत फाईनल नोटिफिकेशन जारी होगी।
400 दुकानें और मकान आएंगे जद में
पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ एनएच के फोरलेन बनने में कई बड़े भवन व भूमि इसकी जद में आ रहे हैं। मकान, दुकानें व अन्य स्थल करीब 400 हैं। विभाग के मुताबिक पिंजौर से नालागढ़ तक बनने वाले 38 किलोमीटर फोरलेन के तहत 104 पुलियों का निर्माण होगा, 16 छोटे पुल और 5 बड़े पुलों का निर्माण होगा। इसमें 15 सर्विस लेन होंगी, जिससे संपर्क मार्गों व अन्य जगहों पर जाने के लिए वाहन चालकों को आसानी होगी, वहीं नालागढ़-स्वारघाट फोरलेन में भी पुलियों, छोटे पुल व बड़े पुलों सहित ओवरहैड सहित अन्य सुविधाएं भी मुहैया होगी।