अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। लॉरेंस स्कूल सनावर में 16वीं लेडी हनोरिआ लॉरेंस मेमोरियल अखिल भारतीय बास्केटबाल (महिला) प्रतियोगिता शुरू हो गई है। प्रतियोगिता में मुख्याध्यापक विनय पांडे बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। लॉरेंस स्कूल के संस्थापक हेनरी लॉरेंस की पत्नी लेडी हनोरिआ की याद में आयोजित प्रतियोगिता का समापन चार मई को होगा। इसमें लॉरेंस स्कूल सनावर की वरिष्ठ व कनिष्ठ दो टीमों सहित देश-प्रदेश की सात टीमें भाग ले रही हैं।
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू, डेली कॉलेज इंदौर, सेंट ल्यूक्स सोलन, श्री राम स्कूल गुड़गांव, सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल कसौली भाग ले रहे हैं। इसमें प्रतियोगिता की ट्रॉफी जीतने के लिए तीन दिनों तक रोचक मुकाबले खेले जाएंगे। सभी टीमों को दो ग्रुपों में विभाजित किया है। प्रतियोगिता के शुरूआती मुकाबले में पाइनग्रोव स्कूल सबाथू मेजबान लॉरेंस स्कूल सनावर की सीनियर टीम के बीच खेला गया।
इसमें लॉरेंस स्कूल सनावर सीनियर टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पाइनग्रोव को 47 -37 के अंतराल से हराया। पहले मैच में श्री राम स्कूल की लड़कियों ने एकतरफा मुकाबले में सेंट ल्यूक्स को हराया। एक अन्य मुकाबले में डेली कॉलेज इंदौर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सनावर जूनियर को हारकर अगले दौर में प्रवेश किया।