मूलभूत सुविधाएं न मिलने पर भड़के नप सफाई कर्मी
कहा- उनकी मांग पूरी न हुई तो पहली मार्च को करेंगे हड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)। नगर परिषद बद्दी के सफाई कर्मचारी एक बार फिर मुखर हो गए हैं। मूलभूत सुविधाएं न मिलने, ईएसआई व पीएफ के दायरे में न लाए जाने पर बुधवार को दर्जनों सफाई कर्मचारियों ने पहली मार्च से दो दिन की हड़ताल करने की चेतावनी दे दी है। इसके बाद वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। वहीं, नप के सफाई ठेकेदार ने कर्मचारियों का आश्वासन दिया है कि इस माह के अंत तक उनकी अधिकतर मांगें पूरी कर दी जाएंगी। जानकारी के अनुसार बुधवार को ठेके पर कार्य कर रहे नगर परिषद बद्दी के दर्जनों सफाई कर्मचारी शिव मंदिर प्रांगण में एकत्रित हुए और उनकी मांगें पूरी न होने पर प्रदर्शन करने की रणनीति तय करने में जुट गए। संजीव कौशल ने उनकी जायज मांगों का समर्थन किया। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ सप्ताह पूर्व भी उन्होंने अपनी मांगों से नप प्रशासन को अवगत करवाया था। इसके बावजूद आज तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गई हैं।
मूलभूत भी जरूरतें भी नहीं हो रहीं पूरी
जूते, वर्दी, मास्क, औजार इत्यादि सफाई की मूलभूत जरूरतों के अलावा न्यूनतम वेतन, ईएसआई व पीएफ की सुविधा और पहचान पत्र तक नहीं बनाए गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वह पिछले कई वर्षों से कार्य कर रहे हैं, लेकिन बीमारी की अवस्था में उन्हें लोगों से उधार रुपये लेकर अपना इलाज करवाना पड़ता है। उन्हें ईएसआई व पीएफ की सुविधा मिली होती तो वह अपना इलाज सरकारी खर्च पर करवा सकते थे और पीएफ से कुछ रुपयों का भी सहारा होता। संजीव कौशल ने ठेकेदार से उनकी मांगें शीघ्र पूरी करने को कहा है।
एक सप्ताह में मिलेंगे सुविधा
सफाई ठेकेदार सौरभ ठाकुर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को वे भलीभांति जानते हैं। समय-समय पर उनकी सहायता भी करते हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की ईएसआई व पीएफ की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। एक सप्ताह के भीतर उन्हें यह सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों के पहचान पत्र आज से ही बनने शुरू हो जाएंगे। सभी के बैंक खाते खोल कर उनका वेतन सीधे उनके खाते में जमा करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 21 फरवरी को खुलने जा रहे टेंडर के बाद सफाई कर्मचारियों को वर्दी, जूते व अन्य सुविधाएं देने का दिन भी तय कर दिया जाएगा।