ईएसआई अस्पताल में लोगों को नहीं मिल रही सुविधा
अब अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलेगी हिंद मजदूर सभा
अमर उजाला ब्यूरो
झाड़माजरी (सोलन)। ईएसआई अस्पताल में लोगों को सुचारु सुविधा नहीं मिल रही है। इसके खिलाफ अब हिंद मजदूर सभा धरना-प्रदर्शन करने जा रही है। यह बात हिंद मजदूर सभा के प्रदेश अध्यक्ष मेला राम चंदेल ने बद्दी में प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कहने के लिए तो ईएसआईसी अस्पताल 150 बिस्तर का है लेकिन यहां सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है। अस्पताल में डॉक्टरों के काफी पद खाली है और सफाई-व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने उद्योगों में चल रही ठेकेदारी प्रथा व उद्योगों में लोकल लोगों को रोजगार न देने के मामले को प्रदेश सरकार के समक्ष उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से कुछ यूनियनें बीबीएन क्षेत्र में आकर उद्योगों को बंद करवाने की फिराक में है। इनके खिलाफ सभी यूनियनें संयुक्त रूप से मोर्चा खोलेंगी। इस मौके पर महासचिव राजु भारद्वाज, जिला अध्यक्ष रणजीत ठाकुर, जितेंद्र ठाकुर, नरेश कप्पा, निर्मल सिंह, रविंद्र, खेम राज, सुखविंद्र, सयाल राम, संदीप शर्मा, अश्वनी कुमार, विजय ठाकुर, संजीब बस्सी, संजीव कौशल, विजय चंदेल, योगराज भाटिया, बलवीर ठाकुर, पोला राम, पुष्पिंद्र कौर, जसविंद्र ठाकुर मौजूद रहे।