सोलन। नेशनल हाईवे के विस्तार का फायदा सोलन और शिमला दोनों जिला को मिलने वाला है। प्रदेश भर में चयनित 69 नेशनल हाईवे में से 11 को प्राथमिकता के आधार पर चुन लिया गया है। इनमें से दो एनएच सोलन में ही बनेंगे। जो शिमला को सोलन से जोड़ते हुए हरियाणा और पंजाब की सीमा तक जाएंगे। केंद्र सरकार ने शुरूआती चरण में जिन 11 एनएच को मंजूरी दी है। उनमें शालाघाट-अर्की-कुनिहार-बरोटीवाला एनएच जो मोधवाला (हरियाणा) की सीमा तक पहुंचेगा। करीब 108 किलोमीटर लंबे इस एनएच को प्रधानमंत्री कार्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। दूसरा एनएच शिमला-कुनिहार-रामशहर-नालागढ़ रहेगा जो धनौली (पंजाब) की सीमा तक पहुंचेगा। इस एनएच की कुल दूरी 102 किलोमीटर रहेगी। इन दोनों हाईवे के बन जाने से उद्योग जगत को गति मिलेगी और छोटे मार्ग पर जाम की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।
प्रदेश में 69 एनएच का प्रस्ताव केंद्र की मंजूरी के लिए भेजा गया था। इसमें से प्रदेश के 11 एनएच को प्राथमिकता के आधार पर पहले चरण के लिए स्वीकृत किया है। इस चरण में सोलन के बीचोंबीच से गुजरते दो एनएच भी शामिल हैं। दोनों एनएच प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ को सीधे शिमला से जोड़ेंगे। इसका लाभ अर्की उपमंडल के दाड़लाघाट में चल रहे सीमेंट उद्योगों को भी मिलेगा। एनएच में ड्राइंग विभाग प्रभारी घनश्याम मेहता का कहना है कि प्राथमिकता के आधार पर लिए गए एनएच में अलाइनमेंट तय की जाएगी। उसके बाद ही मार्ग का काम शुरू हो पाएगा।
सोलन से भेजा गया नौ एनएच प्रस्ताव
सोलन से जिन मार्गों को एनएच बनाने की सूची केंद्र सरकार को भेजी थी। इस सूची में शालाघाट-अर्की-कुनिहार-बरोटीवाला, शिमला-कुनिहार-रामशहर-नालागढ़, छैला-सैंज-ओच्छघाट-सराहन, सोलन-ओच्छघाट, सोलन-सुबाथू-कैंचीमोड़, कुनिहार-डमरोग-पिपलूघाट-धुंधन-भराड़ीघाट, कंडाघाट-साधुपुल-चायल-कुफरी शामिल थे। इनमें से दो मार्गों को प्राथमिकता में लिया गया है जबकि अन्य फिलहाल लंबित हैं।
27 दिसंबर को धर्मशाला को हो सकता है एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 27 दिसंबर को धर्मशाला में प्रस्तावित रैली में एनएच को लेकर बड़ी घोषणा हो सकती हैं। जो 11 एनएच मंजूरी के बाद प्राथमिकता में लिए हैं। उन पर काम जल्द शुरू होने की भी संभावनाएं देखी जा रही हैं। सभी ग्यारह एनएच पर प्रधानमंत्री काम शुरू करने का एलान करते हैं तो कालका-सोलन-शिमला हाईवे को फोरलेन में बदलने के बाद यह जिले में दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट होगा।
नेशनल हाईवे को कॉरिडोर में बदलने की भी संभावनाएं
एनएच की लंबी सूची को देखते हुए विभाग इसे कॉरिडोर बनाने की संभावनाएं भी तलाश रहा है। इसमें एक लंबी दूरी के कॉरिडोर में सभी छोटे-छोटे हाईवे और अन्य मार्ग जोड़ दिए जाएंगे। सोलन में कॉरिडोर की संभावना छैला एनएच पर देखी जा रही है। इसमें ओच्छघाट-सराहन-लवासा चौकी-कोलानवाला-बुद्धमजारी-नारायणगढ़ और भराड़ीघाट से हरिपुर (उत्तराखंड) की भी संभावना है। इसमें कुनिहार-सुबाथू-सोलन-ओच्छघाट-सनौरा-हरिपुरधार-जामली-कोफोटा शामिल हैं। फिलहाल कॉरिडोर पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।