सोलन। संस्कृत कॉलेज सोलन के छात्रों ने कॉलेज प्राचार्य के खिलाफ शिकायत शिक्षा मंत्री को भेजी है। इसमें विद्यार्थियों से प्राचार्य पर सही ढंग से पेश न आने पर उचित कार्रवाई की मांग की है। छात्रों ने शिकायत पत्र में कहा है कि बुधवार को जब कुछ विद्यार्थी प्राचार्य के कार्यालय में उनसे मंडी इंटर कॉलेज बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने का आग्रह लेकर पहुंचे तो प्राचार्य उनके साथ सही ढंग से पेश नहीं आए। यहां तक कि उन्हें कार्यालय से बाहर निकाल दिया। प्राचार्य ने छात्रों को कॉलेज से बाहर निकाल देने तक की धमकी दी। इस विषय को लेकर छात्रों ने शिक्षा मंत्री से उक्त विषय पर कार्रवाई करने की मांग की हैं।
कॉलेज प्राचार्य राम दत्त शर्मा ने बताया कि उनके पास कुछ दिन पहले कॉलेज के विद्यार्थी प्रतियोगिता में भाग लेने की मांग लेकर आए थे। उस समय कॉलेज में बैंगलोर से नेक की टीम पहुंची हुई थी। उनके जाने के बाद अब फिर से बुधवार को वही विद्यार्थी उनके पास दोबारा अनुमति मांगने आए थे। 15 अक्तूबर से विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाएं हैं।
इसके लिए उन्हें प्रतियोगिता में भाग लेने से मना किया गया। इसके अलावा उनके साथ कोई भी बुरा बर्ताव नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि यदि वार्षिक परीक्षाएं नहीं होती तो छात्रों को वे प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की इजाजत दे देते। अब छात्र इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं।