शिमला-सोलन के सफर पर अब देना होगा पूरा किराया
बंद होंगी कम किराये वाली बसें, शिमला से सोलन का किराया 70 रुपये है निर्धारित
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। सोलन-शिमला मार्ग पर चलने वाली कम किराये की बसों में अब लोगों को पूरा किराया देना पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि जल्द ही निगम इन बसों में किराये की छूट को खत्म करने जा रहा है। अब सोलन से शिमला तक का सफर करने वाले सभी यात्रियों को निर्धारित 70 रुपये किराया ही देना होगा।
गौर रहे कि करीब तीन वर्षों से सोलन से शिमला रूट पर सोलन डिपो की दो बसें चल रही हैैं। इन बसों में लोगों से शिमला का किराया केवल 40 रुपये निर्धारित किया गया है। कम किराया होने की वजह से प्रतिदिन सफर करने वाले लोगों को इसका अच्छा लाभ मिल रहा है, लेकिन अब आने वाले दिनों में निगम इन बसों में इस किराये को बढ़ा सकता है। करीब तीन वर्ष से लगातार सोलन शिमला मार्ग पर एचआरटीसी की दो बसें 40 रुपये में लोगों को सफर करवा रही हैं। गौर रहे कि इन दोनों बसों में लोगों की काफी भीड़ देखने को मिलती है।
इनसेट...
कार्यालय जाने वाले करते हैं सफर
सोलन से शिमला जाने वाली कम किराये की बसों में ज्यादातर दफ्तर जाने वाले लोग सफर करते है। एचआरटीसी की ओर से सुबह और शाम को सोलन से इन बसों को चलाया जाता है। ये बसें मालरोड होते हुए पुराने बस अड्डे से निकलती हैं। इसी तरह शिमला से भी शाम के समय ये बसें सोलन के लिए निकलती हैं। इन बसों से लोगों को जहां सुविधा मिल रही है वहीं दूसरी और प्रतिदिन बस में सफर करने वाले लोगों को अधिक किराया भी नहीं देना पड़ रहा है।
सरकार का है फैसला : आरएम
आरएम सोलन सुरेश धीमान ने बताया कि प्रदेश सरकार ने यह फैसला लिया है। जिसके आधार पर आगामी कुछ दिनों में कम किराये का प्रावधान खत्म हो जाएगा। जिसके बाद सभी यात्रियों को बराबर किराया देना होगा।