बद्दी, नालाबढ़ में नो पार्किंग जोन किए घोषित
जिला प्रशासन ने नो पार्किंग जोन किए अधिसूचित, यहां खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)। जिला प्रशासन ने नालागढ़ और बद्दी में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए नो पार्किंग जोन घोषित कर दिए हैं। जिला प्रशासन ने बीबीएन के तहत नालागढ़-बद्दी मुख्य मार्ग और बद्दी शहर के भीतरी संपर्क मार्गों पर भारी यातायात के चलते नो पार्किंग जोन घोषित किए हैं। इस अधिसूचना के अनुसार नालागढ़ में ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन चौकीवाला के समीप सभी प्रकार के वाहनों के लिए नो पार्किंग जोन अधिसूचित किया है। नालागढ़ तहसील में रोपड़ चौक नालागढ़ से चौकीवाला मार्ग पर भारी वाहनों के लिए नो पार्किंग जोन अधिसूचित है। इस मार्ग पर स्थान उपलब्ध होने की स्थिति में पक्की सड़क से तीन फुट क्षेत्र छोड़कर हल्के वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इसके लिए पीले रंग से समुचित चिन्ह लगाए जाएंगे। बद्दी तहसील में ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन बद्दी के समीप नो पार्किंग जोन अधिसूचित किया है। जिला प्रशासन ने टोल बैरियर बद्दी से वीएमटी फैक्टरी मार्ग पर भारी वाहनों के लिए नो पार्किंग जोन अधिसूचित किया है। इस मार्ग पर पक्की सड़क से तीन फुट क्षेत्र छोड़कर हल्के वाहन खड़े किए जा सकेंगे। यहां पीले रंग से समुचित चिन्ह लगाए जाएंगे। बद्दी तहसील में साई रोड बद्दी पर सड़क किनारे सभी वाहनों के लिए नो पार्किंग जोन अधिसूचित किया है। इस मार्ग पर अधिसूचित पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े किए जा सकेंगे। साई रोड बद्दी पर सुबह 8:00 बजे से 10:30 बजे तक और सांय 5:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक सभी प्रवेश स्थानों से भारी और धीरे चलने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। उपायुक्त विनोद कुमार ने कहा कि इस संबंध में उपमंडलाधिकारी नालागढ़ और पुलिस प्रशासन को निर्देश जारी कर दिए हैं।