सोलन। कसौली में अनधिकृत तौर पर बने छह होटलों का निर्माण गिराने के लिए निजी ठेकेदार की मदद ली जाएगी। लोक निर्माण विभाग के पास कर्मचारियों और मशीनरी की कमी को देखते हुए यह कदम उठाया है। ठेकेदार को 20 से 30 दिन के दरम्यान में काम पूरा करना होगा। निजी ठेकेदार को काम सौंपने के बावजूद सुरक्षा में कोई भी ढील नहीं दी जाएगी। कड़ी निगरानी में 30 दिन तक कसौली के सभी 13 होटलों के अनधिकृत निर्माण हटाने का लक्ष्य तय कर लिया है। छह होटलों का निर्माण निजी ठेकेदार हटाएगा जबकि अन्य सात का लोनिवि कर्मचारी हटाएंगे।
कसौली में अनधिकृत निर्माण को हटाने के लिए एसडीएम सोलन की अध्यक्षता में बनी कमेटी को निर्माण हटाने के लिए 50 दिन की मोहलत मिली है। लेकिन जिस गति से सरकारी कर्मचारी काम को अंजाम दे रहे हैं उससे अनाधिकृत निर्माण को हटाने में 50 दिन से कहीं अधिक का समय लगने की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए अब निजी ठेकेदार की मदद लेकर निर्माण हटाने की योजना पर काम शुरू हो चुका है। लोनिवि बाकायदा इसके लिए टेंडर प्रक्रिया अपना रहा है जो भी ठेकेदार टेंडर प्रक्रिया से काम हासिल करता है उसे सुरक्षा वैसे ही मुहैया करवाई जाएगी जैसे सरकारी कर्मचारियों को दी जा रही है। कसौली में 13 होटलों में अनाधिकृत निर्माण को हटाने के आदेश पर पहली मई को टीसीपी, लोनिवि, प्रशासन और पुलिस की कुल चार टीमें मौके पर गई थी। इनमें से एक टीम की अगुवाई टीसीपी अधिकारी शैल बाला कर रही थी। इनके साथ लोनिवि बेलदार गुलाब सिंह भी मौके पर मौजूद था। नारायणी गेस्ट हाउस को तोड़ने के दौरान हुई गोलीबारी में टीसीपी अधिकारी की मौके पर और 12 दिन पीजीआई में रहने के बाद गुलाब सिंह की मौत हो गई थी। शुरुआत में इन होटलों के निर्माण को 15 दिन में हटाने के आदेश दिए थे लेकिन बाद में इसे 50 दिन में बदल दिया गया।
लोनिवि के पास संसाधनों की कमी : एसडीएम
एसडीएम आशुतोष गर्ग ने कहा कि लोनिवि के पास पर्याप्त मजदूर नहीं हैं। इसकी वजह से काम तय समय पर पूरा नहीं हो पाएगा। यह देखते हुए होटलों का निर्माण हटाने के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है। बताया कि निजी ठेकेदार जो भी होटलों का निर्माण गिराने के लिए आगे आएगा उसे प्रशासन की तरफ से पूरी सुरक्षा दी जाएगी। सुरक्षा बंदोबस्त में किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। ठेकेदार को 20 से 30 दिन में काम पूरा करना होगा।
इन छह होटलों का होगा टेंडर
कसौली में जिन छह होटलों के अनधिकृत निर्माण हटाने को ठेकेदार के सुपुर्द किया जा रहा है, उनमें होटल पाइन व्यू, शिवालिक गेस्ट हाउस, ईश्शर स्वीट्स, होटल सुदेश, सेवन पाइंस और होटल वर्डस व्यू शामिल हैं। इनमें होटल वर्डस व्यू के अनधिकृत निर्माण को 20 दिन में, होटल सुदेश और सेवन पाइंस को 25 दिन में जबकि होटल पाइन व्यू, शिवालिक गेस्ट हाउस और ईश्शर स्वीटस के निर्माण को 30 दिन में हटाने की तैयारी चल रही है। यह प्रक्रिया लोक निर्माण विभाग कसौली की ओर से पूरी की जा रही है।