सोलन। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशहित में कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आहवान किया। वह अर्की विधानसभा क्षेत्र की पंचायत मान में आयोजित जिला स्तरीय ग्राम स्वराज दिवस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018-19 में सिंचाई क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए 130 करोड़ रुपये, जल से कृषि को बल पर 250 करोड़ रुपये, सौर सिंचाई योजना पर 200 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया है। प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए ऊपरी आयु सीमा को 80 से घटाकर 70 वर्ष कर दिया है। इस निर्णय से 1.30 लाख वरिष्ठ नागरिकों को 1.95 करोड़ रुपये की वार्षिक वृद्धावस्था पेंशन मिलेगी।
उन्होंने शहीद होशियार सिंह को भावभीनी श्रद्धांजली अर्पित की। उन्होंने इस दौरान जनसमस्याएं सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही निपटारा सुनिश्चित बनाया। उन्होंने इससे पूर्व कृषि विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर शहीद होशियार सिंह खेल मैदान के लिए 2.50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। मान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और पंचायत भवन का मामला राज्य सरकार से उठाया जाएगा। उन्होंने रावमा पाठशाला बवासी के बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
समारोह में इन्हें मिला सम्मान
समारोह में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कुनिहार विकास खंड की बीपीएल मुक्त पंचायत सरली, कश्लोग, पारनु और मांगू को भी सम्मानित किया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सराहनीय कार्य करने पर पंचायत देवरा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत बेहतर कार्य करने वाली दावंटी, मनरेगा में खंड स्तर पर प्रथम रहने वाली पंचायत पलानिया को पुरस्कृत किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सोलन जिले में उत्कृष्ट कार्य करने पर खंड विकास अधिकारी धर्मपुर डॉ. जयबंती ठाकुर को पुरस्कृत किया। सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप ने इस अवसर पर विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर भाजपा सचिव रतन सिंह पाल, पूर्व विधायक गोबिंद राम शर्मा ने भी लोगों को संबोधित किया।
समारोह में यह लोग रहे मौजूद
पर्यवेक्षक केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के अवर सचिव बिहारी लाल, डीसी विनोद कुमार, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी भानु गुप्ता, केंद्रीय कृषि विभाग के उपसचिव ईश्वर सिंह, एसडीएम अर्की छवि नांटा, डीएसपी डॉ. अमित शर्मा, पंचायत मान की प्रधान राधा शर्मा, मंडल भाजपा अध्यक्ष बाबू राम पंवर, महामंत्री देवेंद्र कुमार शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा के सचिव दलीप कुमार पाल, कार्यकारिणी सदस्य अमर सिंह ठाकुर, पूर्व जिप सदस्य आशा परिहार, अर्की भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष सुंदर राम शर्मा और नपं अर्की के मनोनीत पार्षद मौजूद रहे।