सोलन। नौणी विवि में तैयार पौधों की जबरदस्त मांग चल रही है। आलम यह है कि महज दो दिन में नौणी विवि केंद्र से करीब 56 हजार सेब के पौधे बिक चुके हैं। सेब के पौधों का स्टॉक लगभग खत्म हो गया है। विवि के वैज्ञानिकों ने इस बार करीब 97 हजार पौधे तैयार किए थे। इनमें से सेब की विभिन्न प्रजातियों के अलावा पलम, अखरोट, खुबानी, कीवी और अनार के पौधे शामिल थे।
नौणी विवि ने पहले आओ और पहले पाओ की तर्ज पर पौधे बिक्री के लिए रखे थे। शुरुआती दो दिन में ही स्टॉक के लगभग खत्म होने से दूरदराज से आए बागवानों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। कई बागवानों ने विवि से पौधों की पैदावार बढ़ाने की मांग भी की। साथ ही बढ़े हुए दाम पर भी नाराजगी जताई है। नौणी विवि में उपलब्ध पौधों की कीमत 80 रुपये से लेकर 150 रुपये तक है। फिलहाल, नौणी विवि में सबसे ज्यादा मांग इस बार सेब की अलग-अलग प्रजातियों की रही है।
विवि प्रबंधन ने पहले ही दिन सेब के 38 हजार पौधे बेच दिए थे। सेब में अन्ना प्रजाति के पौधों की मांग सिर्फ निचले क्षेत्रों से आ रही है। डिलिसियस प्रजाति को उगाने की इच्छा ऊपरी इलाकों के लोगों ने जताई है। नौणी विवि डायरेक्टर रिसर्च डॉ. जेएन शर्मा ने बताया कि लोगों में पौधों की खरीद को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला है। बिक्री से पूर्व ही पहले आओ पहले पाओ के आधार पर पौधों की बिक्री शुरू की थी। उन्होंने बताया कि जो लोग पहले दो दिन आए हैं उन्हें सेब की इच्छा मुताबिक प्रजाति हासिल हुई है।