धर्मपुर (सोलन)। शिमला-चंडीगढ़ हाईवे पर धर्मपुर में पैदल चल रहे एक महिला और पुरुष को बैल ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया है। जानकारी के अनुसार धर्मपुर बाजार में लावारिस घूम रहे एक बैल ने अचानक आतंक मचाना शुरू कर दिया। लोग बचाव के लिए इधर-उधर भागने लगे। बैल ने एक महिला और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी जीत कुमार को पर हमला कर दिया। इसके बाद लोग दहशत में आ गए। धर्मपुर में पिछले काफी दिन से लावारिस पशु सड़कों पर घूम रहे हैं इस कारण बाजार और हाईवे किनारे लोगों को पैदल चलने में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। कुछ ऐसी घटना घटी कि बैल ने नेशनल हाईवे के किनारे चल रहे दो व्यक्तियों को अपना निशाना बनाया था। इस कारण सुबह शाम और दोपहर लोगों का बाजार तथा सड़क पर व घर से मार्केट जाना मुश्किल हो गया है। पशुओं के इस आतंक से लोग डर गए हैं। वीरेंद्र, निर्मल, नीशा, अनीता, योगेश और सौरव ने कहा कि पशु पालन विभाग को जल्द ही इस समस्या को देखते हुए सख्त कदम उठाने चाहिए अन्यथा यह खूंखार जानवर लोगों को अधिक किसी भी स्थान पर हानि पहुंचा सकते हैं।
धर्मपुर पंचायत के प्रधान ओपी पंवर ने कहा कि पंचायत की और से पशु पालन विभाग के साथ पत्राचार कर अवगत करवाया है कि धर्मपुर बाजार तथा हाईवे किनारे कई खतरनाक आवारा पशु घूम रहे हैं। इस कारण पैदल चलने वाले राहगीरों को हमेशा डर लगा रहता है हमारे द्वारा पहले भी विभाग को आवारा पशुओं के बारे में बताया जा चुका है। जल्द ही विभाग से संपर्क साधकर सख्त कदम उठाने की मांग की जाएगी।