सोलन। अखिल भारतीय हिमाचल सामाजिक संस्था ने युवाओं को सरकारी और निजी सेक्टर में पंद्रह हजार रुपये पर मासिक स्वरोजगार मुहैया करवाने की मांग की है। संस्था के हिमाचल जन कल्याण सभा करनाल के तत्वावधान में 18 और 19 नवंबर को करनाल के सेक्टर 6 में जाट हाउस में होने वाले अर्धवार्षिक सम्मेलन में इस मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसमें 40 पंजीकृत संस्थाओं के 100 प्रतिनिधि भाग लेंगे। संस्था के प्रेस सचिव मदन हिमाचली ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डीडी डोगरा सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। इसमें प्रवासी हिमाचली लोगों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इसके अलावा नीति आयोग द्वारा हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए बजट में कटौती का विरोध प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा।
विकास के लिए अधिक धन देने, हिमाचल के पर्यटन स्थलों को विकसित करने, सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण, आयुर्वेद यूनिवर्सिटी की स्थापना, शहर को नगर निगम बनाने एवं विकसित करने के लिए धन का प्रावधान करना, ग्रामीण विकास के लिए केंद्र सरकार से अधिक से धन की मांग, राष्ट्रीय उच्च मार्गों के कार्यों में तेजी लाने, मनरेगा में काम करने वालों की दिहाड़ी में बढ़ोतरी और हिमाचल के प्रत्येक परिवार के एक व्यक्ति को 15 हजार रुपये मासिक सरकारी अथवा गैर सरकारी स्तर पर स्वरोजगार के साधन उपलब्ध करवाने के लिए प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इसके अलावा पहाड़ी कवि गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इस सम्मेलन में उपाध्यक्ष सोहन लाल, लक्ष्मी नारायण, सुभाष शर्मा, महासचिव हरि सिंह, केएम लाल, तिलकराज शर्मा, राकेश शर्मा, सुनीता रावत, डॉ. भगत वत्सल, शीशराम पाल, निर्मल कंवर, वेद प्रकाश, चंचल सिंह, रमेश सूद, सुनीता शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।