आईटीआई सोलन में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। आईटीआई सोलन में सोमवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन किया गया। इस मेले के माध्यम से स्थानीय युवाओं को उद्योगों के साथ जुड़कर अप्रेंटिसशिप और रोजगारोन्मुखी कौशल विकास के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने का बेहतरीन मंच मिला।
इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों के 14 प्रतिष्ठित उद्योगों और प्रतिष्ठानों ने भाग लिया। उद्योग प्रतिनिधियों ने युवाओं को प्रशिक्षुता प्रशिक्षण, कार्यस्थल की आवश्यकताओं और कॅरिअर विकास की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मेले के दौरान लगभग 200 अभ्यर्थियों ने अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता निदेशालय शिमला के उप निदेशक करतार सिंह ने मुख्यातिथि और आईटीआई सायरी के प्रधानाचार्य राहुल डोगरा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। आईटीआई सोलन की प्रधानाचार्य इंजीनियर नवीन कुमारी ने कहा कि यह मेला कौशल भारत मिशन के सपनों को साकार करने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संस्थान भविष्य में भी उद्योग-संस्थान सहभागिता को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजनों का विस्तार करता रहेगा।