पुंजविला स्कूल में खंड स्तरीय बाल मेले का आयोजन
शिक्षा खंड सोलन के 66 प्राथमिक स्कूलों ने लिया भाग
उपनिदेशक ने परख सर्वेक्षण के तहत शिक्षा में सुधार लाने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय प्रारंभिक पाठशाला पुंज विला में खंड स्तरीय बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रारंभिक खंड शिक्षा अधिकारी सोलन हरी राम चंदेल ने की। जबकि शिक्षा उपनिदेशक उच्च शिक्षा डॉ. जगदीश चंद नेगी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में खंड सोलन के 66 प्राथमिक पाठशालाओं से करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह विद्यार्थी शिक्षा खंड के 12 केंद्र पाठशालाओं का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
इस मौके पर बच्चों ने एकल नृत्य, एकल गान, समूहगान, समूह नृत्य, भाषण, एकाकी, फैंसी ड्रेस, प्रश्नोतरी, चेस, कैरम चित्रकला, कुर्सी दौड़, चम्मच रेस आदि प्रतियोगिताओं में भाग लिया। शिक्षा उपनिदेशक ने बच्चों को आशीर्वाद दिया और उपस्थित शिक्षकों का बच्चों के शिक्षण स्तर में सुधार के लिए दिशानिर्देश दिए। इसके अलावा सभी शिक्षकों और बच्चों को राष्ट्रीय शिक्षा सर्वेक्षण परख शिक्षा प्रदर्शन को सुधारने के लिए आदेश भी दिए। उन्होंने प्रारंभिक खंड शिक्षा अधिकारी को इस कार्यक्रम का भव्य आयोजन करने के लिए बधाई भी दी। प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों का चयन जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी किया गया। इस मौके पर रंजना नैयर, करतार सिंह समेत अन्य शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।