कुनिहार से पंचायत के लिए रवाना होती पोलिंग पार्टी। संवाद
- फोटो : खूटेहना प्राथमिक स्वास्य केंद्र पर मरीजों को देखते चिकित्सक।
116 पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना, 700 कर्मचारी संभालेंगे चुनाव व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। विकास खंड कुनिहार के तहत 26 मई को होने वाले मतदान के लिए 116 पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। पोलिंग पार्टियों और चुनाव सामग्री के लिए प्रशासन की ओर से 19 बसों का प्रबंध किया है। खंड विकास अधिकारी तन्मय कंवर ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए करीब 700 कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 500 कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में तैनात किए गए हैं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 200 पुलिस एवं होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे।
उन्होंने बताया कि विकास खंड की सबसे दूरस्थ पंचायतों वागा, मांगल, बेरल में तैनात पोलिंग पार्टियों को चरणबद्ध तरीके से मतदान सामग्री उपलब्ध करवा कर सबसे पहले उन्हें भेजा गया। पोलिंग पार्टियां पुलिस सुरक्षा के बीच अपने अपने बूथों के लिए रवाना हुई। प्रत्येक पार्टी को बैलेट बॉक्स, मतपत्र, चुनाव रजिस्टर सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई है। तन्मय कंवर ने बताया कि कुल 116 में से 107 पोलिंग पार्टियां दूसरे चरण तक ड्यूटी पर रहेंगी, जबकि 9 पार्टियां मतदान कार्य पूरा होने के बाद वापस लौट आएंगी। इसके बाद पीठासीन अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी शेष चुनावी प्रक्रिया को पूरा करेंगे। मतदान समाप्त होने के बाद बैलेट बॉक्स एवं अन्य चुनाव सामग्री को चरणबद्ध तरीके से स्ट्रॉन्ग रूम में जमा करवाया जाएगा।