मार्केट कमेटी के सचिव ने किया सब्जी मंडी सोलन का औचक निरीक्षण
मौके से बीस आढ़तियों के दस्तावेज भी जांच के लिए साथ ले गई टीम
एपीएमसी एक्ट के तहत नहीं हुए दस्तावेज तो हो पड़ सकता है जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सब्जी मंडी सोलन का निरीक्षण शनिवार को मार्केट कमेटी के सचिव रविंद्र शर्मा और उनकी टीम ने किया। जिसमें 20 आढ़त्तियों के रिकॉर्ड को भी टीम ने कब्जे में लिया है। यदि एपीएमसी एक्ट के तहत रिकॉर्ड का रख रखाव नहीं मिला तो संबंधित आढ़तियों पर कार्रवाई की गाज भी गिर सकती है। जिसमें उन्हें भारी जुर्माना भी अदा करना होगा।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब पांच बजे ही सचिव की अध्यक्षता में उनकी टीम मंडी का निरीक्षण करने पहुंच गई। टीम ने सभी आढ़तियों के रिकॉर्ड को जांचा। रिकॉर्ड रखने में खामी पाए जाने पर 20 आढ़तियों के रिकॉर्ड को टीम अपने साथ भी ले गई। कमेटी के अधिकारी अपने कार्यालय में इस रिकॉर्ड को खंगालेंगे। यदि कोई कमी पाई गई तो उस सूरत में जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। सब्जी मंडी के सभी आढ़तियों को एपीएमसी एक्ट के तहत अपने रिकॉर्ड रख रखाव करना है, जिसमें सब्जियों की खरीद, बिक्री, किसानों को पेमेंट के भुगतान के साथ-साथ मार्केट फीस का पूरा हवाला देना होता है। एक-एक सब्जी व फल की पूरा रिकॉर्ड सही होना चाहिए। हालांकि अधिकांश आढ़तियों के रिकॉर्ड सही पाए गए। केवल 20 में ही पहली नजर में कुछ खामियां पाई गई। सोलन सब्जी मंडी में करोड़ों रुपए का कारोबार होता है। यह प्रदेश की सबसे बड़ी सब्जी मंडी है। मार्केट कमेटी के सचिव डॉ. रविंद्र शर्मा ने बताया कि सब्जी मंडी का औचक निरीक्षण किया। सब्जी मंडी में आढ़तियों के रिकॉर्ड को चेक किया जिसमें से अधिकांश ने अपने रिकॉर्ड को अच्छे से मेन्टेन किया हुआ था। 20 के रिकॉर्ड में कुछ खमियां पाई गईं। इसे चेक किया जाएगा। यदि खामी पाई गई तो जुर्माना किया जाएगा।