नगर निगम ने तैयार किया एप, शहर में लोगों को मिलेगी बेहतरीन सुविधा
टीम घरद्वार जाकर लोगों के फोन में डाउनलोड करवा रही एप
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहरवासियों को अब स्वच्छता से संबंधित हर तरह की सुविधा एक एप में ही मिलेगी। नगर निगम ने स्वच्छता एप तैयार किया है। यदि शहर के लोगों को सफाई से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो उसकी शिकायत भी एप के माध्यम से की जा सकेगी। नगर निगम की ओर से स्वच्छ भारत अभियान के तहत एप तैयार किया है। इस एप पर गंदगी, सेप्टिक टैंक ऑवरफ्लो, कलेक्शन प्वाइंट से कूड़ा न उठना समेत 20 तरह की शिकायतों का एप से निपटारा होगा। एप पर शिकायत करते समय फोटो भी अपलोड की जा सकेगी। लोगों की ओर अपलोड की शिकायत तब तक दिखाई देती रहेगी जब तक शिकायत का समाधान नहीं होगा। खास बात यह है कि लोगों को सफाई से संबंधित शिकायतों के लिए बार-बार नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और शहर में गंदगी से संबंधी दिक्कतों पर परेशान नहीं होना पड़ेगा। वहीं, दूसरी ओर अगर सफाई कर्मी कोई ढील बरतता है तो उस पर भी कार्रवाई हो सकेगी। नगर निगम की टीम इन दिनों घरद्वार पर जाकर फोन में एप डाउनलोड करवा रहे हैं। साथ ही मैपिंग कार्य भी चला हुआ है। लोगों को शहर में सफाई की बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए यह कदम उठाया है। वहीं, निगम की ओर से की साथ ही एप के इस्तेमाल करने और फायदों के बारे में बता रहे हैं। निगम की ओर से कार्यालयों और होटलों का भी इन दिनों स्वच्छता सर्वेक्षण करवाया जा रहा है। इसका आगामी दिनों में परिणाम भी घोषित किया जाएगा। गौरतलब हो कि शहर में कई बार गंदगी की समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ता है। इससे संबंधित समस्याएं लेकर रोजाना नगर निगम कार्यालय में शिकायतें आती है। शिकायतों के बाद क्या कार्रवाई की गई है उसके बारे में लोगों को जानकारी नहीं मिल पाती है। इसी के साथ कई बार शिकायत होने के बाद लोकेशन का भी पता नहीं लग पाता है। ऐसे में लोगों की समस्याओं और शिकायतों का हल नहीं हो पाता है। इसे देखते हुए नगर निगम ने ऐसा एप तैयार करवा दिया है, जिसमें लोकेशन के साथ फोटो भी अपलोड होगी, ताकि शिकायत का समाधान हो जाए। इसी के साथ शिकायतों के निवारण में पारदर्शिता आएगी।
इनसेट
शौचालयों का भी आसानी से लगेगा पता
नगर निगम के स्वच्छता एप से सार्वजनिक शौचालयों की भी आसानी से जानकारी मिलेगी। इससे आपात समय में लोग आसानी से शौचालय का इस्तेमाल भी कर सकेंगे। बीते दिनों नगर निगम की ओर से मैपिंग की गई थी और एप से इसे जोड़ा गया है।
इनसेट
एप पर की जा सकती हैं ये शिकायतें
-सुखा कूड़ा पड़ा होना
-किसी जगह पर कूड़ा -कचरा पड़ा होना।
-कूड़ा-कचरा वाली गाड़ी न आना।
-शहर के वार्डों में साफ-सफाई न होना
-वार्डों में पड़े डस्टबिन और कलेक्शन प्वाइंट के साफ न होना।
-खुले में शौच।
-खुले में सीवरेज बहना या ओवरफ्लो होना।
-सड़क पर पानी जमा होना।
-सेप्टिक टैंक के ओवरफ्लो होना
-सार्वजनिक शौचालयों में बिजली न होना।
-सार्वजनिक शौचालय में पानी न होना।
-सार्वजनिक शौचालयों में ब्लॉकेज होना।
-सार्वजनिक शौचालयों में सफाई न होना।
-सार्वजनिक शौचालयों में लगी यूरीन शीट पर गंदगी।
-मल अपशिष्ट का अनुचित निपटान।
-नालियों पर ढक्कन होना।
-सार्वजनिक स्थानों पर जानवर के मर जाने के बाद सफाई न होना
-मलबे/निर्माण सामग्री को हटाने के लिए।
कोट
नगर निगम की ओर से सफाई की ओर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। लोगों की शिकायतों के लिए अब नया एप तैयार हो गया है। इन दिनों टीम एप को डाउनलोड करवा रही है। एप की खासियत है कि जहां भी गंदगी पड़ी दिखाई देगी वहीं से एप पर फोटो अपलोड कर शिकायत नगर निगम को भेजी जा सकती है। अब लोगों को सफाई की शिकायतों के लिए निगम के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
-ऊषा शर्मा,महापौर, निगम निगम,सोलन