सोलन। आने वाले दिनों में सोलन शहर के लोगों को पानी की दिक्क्त नहीं उठानी पड़ेगी। बारिश के दौरान प्रभावित सभी स्कीमों को ठीक कर बहाल कर दिया गया है। आईपीच विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 घंटों के अंदर आईपीएच विभाग ने नगर परिषद को 92 लाख लीटर पानी मुहैया करवाया है। सोलन शहर के लोगों की प्यास को बुझाया गया। शहर के लोगों को पिछले कई दिनों से पानी के लिए तरस रहे थे। इन्हें पानी के लिए खुद के टैंकर के साथ प्राकृतिक जल स्रोतों का सहारा भी लेना पड़ा।
इससे कई दिनों से पानी के इंतजार में बैठे लोगों की मानसिक स्थिति के साथ आर्थिक स्थिति पर भी बुरा प्रभाव पड़ा है। सोलन में सोमवार को नगर परिषद ने शहर में कई दिनों से पानी के इंतजार में बैठे बाशिंदों को पानी की सप्लाई की है। पानी के मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
रविवार को भी नगर परिषद ने सोलन में पानी के लिए तड़प रहे 10 वार्डों के लोगो को पानी की सप्लाई की है। हालांकि, नगर परिषद ने भी माना कि आईपीएच की ओर से पानी दिया जा रहा है। बारिश के दौरान आईपीएच की स्कीमों में गाद आने से पानी लिफ्ट न होने से पानी की आपूर्ति नहीं की जा सकी थी। आईपीएच विभाग का दावा है कि किसी प्रकार की पानी की दिक्कत अब लोगों को नहीं झेलनी पड़ेगी। साथ ही, पानी की मात्रा को भी बढ़ा दिया जाएगो। अब सोलन में गिरी और अश्वनी दोनों से पानी की सप्लाई की जा रही है।
सोलन आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता सुमित सूद ने बताया कि 24 घंटों के भीतर विभाग ने सोलन नगर परिषद को 92 लाख लीटर पानी की सप्लाई की है। आने वाले समय में पानी की सप्लाई और बढ़ जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी प्रभावित स्कीमों को सुचारु कर दिया है।
सोलन नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि आईपीएच ने कमेटी को 14 लाख गैलन पानी की सप्लाई की है जिससे अब पानी की कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने बताया कि रविवार को 10 और सोमवार को पांच वार्डों में पानी की सप्लाई की गई है। पानी को लेकर अब कोई दिक्कत पेश नहीं आ रही है।